#यूटिलिटी

November 1, 2026

हिमाचल में बदलेगा मौसम: दो दिन होगी बारिश-बर्फबारी; कल सात जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

पर्यटकों को लुभाने के लिए होटल कारोबारियों ने खास ऑफर का किया ऐलान

शेयर करें:

Himachal Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। लंबे समय से शुष्क बने मौसम के बीच सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम में बदलाव की संभावना के साथ ही प्रदेश के पर्यटन कारोबारियों को भी बर्फबारी से कारोबार में तेजी आने की उम्मीद जगी है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के अलग-अलग इलाकों में मौसम खराब हो सकता है। ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि मध्यम और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश या भारी बर्फबारी को लेकर कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है। इसके बाद 3 से 7 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम के मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।

अक्तूबर में सामान्य से अधिक बरसे बादल

मौसम विज्ञान केंद्र की मासिक रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर के दौरान औसतन 28.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य 25.1 मिलीमीटर बारिश की तुलना में करीब 15 प्रतिशत अधिक रही। वर्ष 1901 के बाद से वर्ष 2026 का अक्तूबर बारिश के लिहाज से 43वां सबसे अधिक वर्षा वाला अक्तूबर दर्ज किया गया है। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्तूबर में वर्षा का पैटर्न काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वर्ष 2026 में 28.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि 2025 में 68.5 मिलीमीटर वर्षा हुई थी, जो सामान्य से 173 प्रतिशत अधिक थी। वर्ष 2024 में महज 0.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी और उस समय सामान्य से 97 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेसहारा बच्चों की दिवाली भी होगी हैप्पी, सुक्खू सरकार ने जारी किया उत्सव भत्ता

कांगड़ा में सबसे ज्यादा बारिश

अक्तूबर के दौरान जिला कांगड़ा में सबसे अधिक 59.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 115 प्रतिशत अधिक रही। इसके अलावा बिलासपुर, सोलन, हमीरपुर, ऊना और लाहौल-स्पीति में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर किन्नौर में सबसे कम करीब 17 मिलीमीटर बारिश हुई। सिरमौर जिले में बारिश की सबसे अधिक कमी दर्ज की गई, जहां सामान्य की तुलना में करीब 38 प्रतिशत कम वर्षा हुई।

मौसम बदलेगा तो पर्यटन कारोबार को मिलेगी रफ्तार?

हिमाचल में बर्फबारी का इंतजार केवल पर्यटकों को ही नहीं, बल्कि पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इन दिनों कारोबार अपेक्षा के अनुरूप नहीं चल रहा है। ऐसे में होटल कारोबारियों ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट और आकर्षक पैकेज शुरू कर दिए हैं। हिमाचल पर्यटन निगम के साथ-साथ निजी होटल भी पर्यटकों को 30 से 40 प्रतिशत तक की छूट दे रहे हैं। कई होटलों में विशेष पैकेज के तहत तीन रात ठहरने पर चौथी रात मुफ्त रहने का ऑफर भी दिया जा रहा है। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि जैसे ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होगी, पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ होटल कारोबार भी गति पकड़ सकता है।

 

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल को दी बड़ी राहत: करोड़ों के बजट को दी मंजूरी; जानें कहां होगा खर्च

बर्फ के लिए पर्यटकों को तय करनी पड़ रही लंबी दूरी

मनाली और रोहतांग क्षेत्र में बर्फबारी न होने से पर्यटकों की मुश्किलें भी बढ़ी हैं। रोहतांग दर्रे में पहले हुई बर्फबारी के बाद पर्यटन गतिविधियों में कुछ तेजी जरूर आई थी, लेकिन अब बर्फ के दीदार के लिए पर्यटकों को काफी दूर स्थित शिंकुला और बारालाचा जैसे क्षेत्रों की ओर रुख करना पड़ रहा है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में रोहतांग सहित ऊंचे इलाकों में अच्छी बर्फबारी होती है तो पर्यटन कारोबार में तेजी आ सकती है। अक्तूबर के शुरुआती दिनों में पर्यटन गतिविधियां बेहतर रही थीं और सप्ताहांत के दौरान होटल ऑक्यूपेंसी करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। लेकिन 15 अक्तूबर के बाद पर्यटकों की संख्या में कमी आने से कारोबार फिर सुस्त पड़ गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा तस्करों की अब खैर नहीं! पुलिस के साथ मैदान में उतरेंगी आशा वर्कर्स

रोहतांग के लिए पर्यटक वाहनों की संख्या में गिरावट

रोहतांग जाने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या में भी पिछले कुछ दिनों के दौरान बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जहां पहले प्रतिदिन करीब एक हजार वाहन रोहतांग की ओर जा रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर लगभग 300 तक पहुंच गई है। रविवार को सप्ताहांत होने के बावजूद केवल 334 परमिट रोहतांग जाने के लिए बुक हुए। इससे साफ है कि बर्फबारी न होने का असर सीधे तौर पर पर्यटन गतिविधियों पर पड़ रहा है।

होटल कारोबारियों ने खोला ऑफरों का पिटारा

पर्यटकों को हिमाचल की ओर आकर्षित करने के लिए होटल कारोबारियों ने विशेष ऑफरों की शुरुआत कर दी है। कारोबारियों रवि ब्यास, प्रीतम ठाकुर, बुद्धि प्रकाश, सुशील ठाकुर और हैप्पी का कहना है कि मौजूदा समय में सीजन के अनुरूप बुकिंग नहीं मिल रही है। उनके अनुसार सप्ताहांत में पर्यटकों की संख्या कुछ बढ़ती जरूर है, लेकिन सामान्य दिनों में होटल ऑक्यूपेंसी काफी कम बनी हुई है। ऐसे में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए डिस्काउंट और विशेष पैकेज देना जरूरी हो गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 16 महीने से नहीं बना स्कूल : बच्चों की पढ़ाई पर संकट, एक कमरे में लग रही पांच कक्षाएं

निजी होटलों में 40 प्रतिशत तक की छूट

होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर के अनुसार मनाली के अधिकांश निजी होटल पर्यटकों को 30 से 40 प्रतिशत तक की विशेष छूट दे रहे हैं। होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि मौसम में बदलाव और बर्फबारी के बाद आने वाले दिनों में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और कारोबार फिर से रफ्तार पकड़ेगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज से होंगे ये 7 बड़े बदलाव, रसोई से लेकर कारोबार तक पड़ेगा असर- यहां जानें सबकुछ

पहली नवंबर से पर्यटन निगम के होटलों में भी विशेष छूट

हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम ने भी पर्यटकों के लिए विशेष ऑफर शुरू किए हैं। पर्यटन निगम के होटलों में फिलहाल करीब 55 से 60 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है। निगम के डीजीएम बीएस ओक्टा के अनुसार पहली नवंबर से पर्यटन निगम के होटलों में भी पर्यटकों को 20 से 40 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जा रही है। मौसम के बदलते मिजाज और होटल कारोबारियों के आकर्षक ऑफरों के बीच अब सभी की नजरें सोमवार के मौसम पर टिकी हैं। यदि हिमाचल के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होती है तो यह न केवल पर्यटकों के लिए खुशखबरी होगी, बल्कि लंबे समय से सुस्त पड़े पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार मिल सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख