शिमला। नगर निगम चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के जिला परिषद चुनावों में भी अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है। प्रदेश के 12 जिलों में हुए चुनावों के नतीजों ने साफ संकेत दिया है कि ग्रामीण राजनीति में भाजपा की जड़ें पहले से और मजबूत हुई हैं। हालांकि कुछ जिलों में कांग्रेस ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है, लेकिन शिमला और कांगड़ा जैसे बड़े जिलों में अब सत्ता की तस्वीर निर्दलीय प्रत्याशी तय करेंगे।

ग्रामीण राजनीति में भाजपा की बड़ी बढ़त

जिला परिषद की कुल 250 सीटों में से अब तक 247 सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं। इनमें भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 140 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी 60 सीटें जीतने में सफल रहे हैं। 50 सीटों पर अन्य और निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। सिरमौर जिले की तीन सीटों के परिणाम अभी आना बाकी हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : ZP चुनाव हार भी हीरो बन गए तरुण- जीते प्रत्याशी की रैली में पहुंचे, माला पहनाकर मिले गले

आठ जिलों में भाजपा का स्पष्ट बहुमत

मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन, किन्नौर और सिरमौर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने बहुमत हासिल किया है। इनमें मंडी और हमीरपुर जैसे जिलों में भाजपा ने एकतरफा प्रदर्शन कर विपक्ष को काफी पीछे छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में पर्यटक ने की हैवा.नियत : सड़क पर चलते आदमी को मारी टक्कर, फिर गाड़ी रिवर्स कर कुचला

दूसरी ओर चंबा और लाहौल-स्पीति में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा देखने को मिला। इन जिलों में कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी चुनौती देते हुए बढ़त बनाई है।

शिमला और कांगड़ा में निर्दलीय बनेंगे निर्णायक

प्रदेश के दो सबसे महत्वपूर्ण जिलों शिमला और कांगड़ा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। कांगड़ा की 54 सीटों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 23 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी 13 सीटों पर विजयी रहे। यहां 18 अन्य और निर्दलीय उम्मीदवार जीतकर आए हैं।

वहीं शिमला में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 11 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को 10 सीटें मिलीं। चार अन्य प्रत्याशियों की जीत के बाद यहां भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में निर्दलीय अहम भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़ें- अगले 48 घंटे हिमाचल पर भारी, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी- तेज बारिश के साथ गिरेंगे ओले

पार्टी चिन्ह नहीं, फिर भी खुलकर उतरी भाजपा

हालांकि जिला परिषद चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं लड़े गए, लेकिन भाजपा ने पहली बार अपने समर्थित उम्मीदवारों की अधिकृत सूची जारी कर चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति अपनाई। कांग्रेस ने आधिकारिक सूची जारी नहीं की, लेकिन विभिन्न जिलों में उसके नेता अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में सक्रिय रहे।

जिला परिषद चुनाव परिणाम एक नजर में

जिला कुल सीटें भाजपा समर्थित कांग्रेस समर्थित अन्य
मंडी 36 25 4 7
कुल्लू 14 9 4 1
लाहौल-स्पीति 9 3 4 2
किन्नौर 10 8 1 1
सिरमौर* 17 11 3 3
ऊना 17 11 5 1
चंबा 18 5 10 3
शिमला 25 11 10 4
कांगड़ा 54 23 13 18
बिलासपुर 14 9 0 5
हमीरपुर 19 15 1 3
सोलन 17 10 5 2

*सिरमौर की तीन सीटों के परिणाम अभी शेष हैं।

 

अब सबकी नजर जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव पर टिकी है। खासकर शिमला और कांगड़ा में निर्दलीय उम्मीदवारों का रुख तय करेगा कि सत्ता की कुर्सी किस दल के खाते में जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें