धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज होने जा रही है, क्योंकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रदेश दौरे की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी धर्मशाला में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेंगे। साथ ही वे आगामी पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति और जीत का मंत्र भी साझा करेंगे।
अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं
बतौर रिपोर्टर्स, यह प्रशिक्षण शिविर 21 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आयोजित होगा, जिसमें सिर्फ हिमाचल ही नहीं बल्कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर से भी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति के लिए तैयार करना है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट का एक और बड़ा झटका, उद्योगों के बढ़ाए बिजली शुल्क पर लगाई रोक
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि, आमतौर पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में राहुल गांधी की उपस्थिति रहती है, इसलिए उनके आने की पूरी संभावना है। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ दिनों में ब्लॉक अध्यक्षों के नाम होंगे घोषित
कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने यह भी बताया कि प्रदेश में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए जल्द ही दो जिलों, शिमला ग्रामीण और किन्नौर में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। यह घोषणा प्रशिक्षण कार्यक्रम से पहले की जा सकती है, ताकि नए पदाधिकारी भी इस शिविर में शामिल हो सकें।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू मुझे मरवाना चाहते हैं- सड़क पर कांग्रेस नेता ने काटा बवाल, पुलिस पर किडनैपिंग के आरोप
इसके अलावा, अगले कुछ दिनों में सभी ब्लॉक अध्यक्षों के नाम भी घोषित किए जाएंगे। जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद उनसे सलाह लेकर जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।
अंतिम चरण में तैयारियां
कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जिला अध्यक्षों को फील्ड में ले जाकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करवाया जाएगा, जिससे संगठन की जमीनी हकीकत को बेहतर तरीके से समझा जा सके। इस पूरे आयोजन के लिए कांग्रेस ने समन्वयकों की भी नियुक्ति कर दी है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
