शिमला। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को हिमाचल प्रदेश पहुंच गई हैं। उनके शिमला पहुंचने के साथ ही प्रदेश की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। प्रियंका गांधी शिमला से करीब 12 किलोमीटर दूर छराबड़ा स्थित अपने निजी आवास में ठहरी हैं और अगले दो से तीन दिन तक हिमाचल में रहने की संभावना है। भले ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू उनके दौरे को पूरी तरह निजी बता रहे हों, लेकिन इस दौरान मंडी जिले के देवरी में नवनिर्मित स्कूल भवन का उद्घाटन संभावित होने के कारण इस दौरे को राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।
स्कूल उद्घाटन ने बढ़ाई राजनीतिक गर्मी
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रियंका गांधी के हिमाचल दौरे को निजी बताया है। उनका कहना है कि प्रियंका गांधी का कोई आधिकारिक सरकारी या कांग्रेस संगठन का कार्यक्रम निर्धारित नहीं है। हालांकि, इसी निजी दौरे के दौरान उनके मंडी जिले के देवरी स्कूल पहुंचने और नए भवन का उद्घाटन करने की संभावना है। यही वजह है कि प्रियंका गांधी का हिमाचल दौरा राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आ गया है।
यह भी पढ़ें : जयराम के गढ़ में सुक्खू सरकार ने बच्चों की मांग पर बनाया नया स्कूल भवन; अब प्रियंका गांधी काटेंगी रिबन
18 अगस्त को देवरी पहुंचने की संभावना
मुख्यमंत्री सुक्खू के अनुसार प्रियंका गांधी 18 अगस्त को मंडी जिले के देवरी पहुंचकर नए स्कूल भवन का उद्घाटन कर सकती हैं। हालांकि कार्यक्रम की तारीख को लेकर अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उद्घाटन की तारीख आज या कल तक तय हो सकती है। इसके बाद प्रियंका गांधी बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था पंजाबी, मिलने पहुंचे पिता ने थमाई ‘सफेद पुड़िया’; CCTV में पकड़ा गया
जयराम ठाकुर के गृह जिले में प्रियंका के हाथों उद्घाटन
मंडी जिला पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का गृह जिला है। ऐसे में देवरी में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार नए स्कूल भवन का उद्घाटन प्रियंका गांधी के हाथों करवाया जाना सियासी तौर पर भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ सरकार इसे आपदा प्रभावित बच्चों की मांग पूरी होने से जोड़कर देख रही है, वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव का जयराम ठाकुर के गृह जिले में पहुंचकर स्कूल भवन का उद्घाटन करना राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल की रेलिंग तोड़ ईंटों से भरा ट्रक खड्ड में जा गिरा, अंदर अकेला चालक ही था सवार
आपदा में क्षतिग्रस्त हुआ था पुराना स्कूल भवन
देवरी का पुराना स्कूल भवन भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद प्रियंका गांधी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की थी। बच्चों ने उनके सामने नए स्कूल भवन की मांग रखी थी। प्रियंका गांधी ने उस समय जल्द नया भवन उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया था।
सरकार ने करीब 4.70 करोड़ से तैयार करवाया नया भवन
प्रियंका गांधी के दौरे के बाद प्रदेश सरकार ने देवरी स्कूल के नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। अब करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नया स्कूल भवन बनकर तैयार है। इसी भवन का उद्घाटन प्रियंका गांधी के हाथों करवाए जाने की संभावना है। इससे आपदा के बाद स्कूल भवन को लेकर शुरू हुई कवायद अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है।
