#राजनीति

August 16, 2026

जयराम के गढ़ में सुक्खू सरकार ने बच्चों की मांग पर बनाया नया स्कूल भवन; अब प्रियंका गांधी काटेंगी रिबन

शिक्षा मंत्री को बिना उद्घाटन लौटना पड़ा था वापस खूब गरमाई थी सियासत

शेयर करें:

priyanka gandhi

शिमला/मंडी। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के गढ़ में बच्चों की मांग को पूरा करते हुए नए स्कूल भवन का निर्माण कर दिया है। मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देवरी में 4.70 करोड़ की लागत से बना यह स्कूल भवन अब उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। इस स्कूल का उद्घाटन जल्द ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथों करवाने की तैयारी चल रही है।

प्रियंका गांधी के हाथों होगा उद्घाटन

सीएम सुक्खू ने खुलासा किया है कि इस स्कूल के नए भवन का उद्घाटन जल्द ही प्रियंका गांधी के हाथों करवाया जाएगा। इस स्कूल के नए भवन की मांग प्राकृतिक आपदा के दौरान दौरे पर आई प्रियंका गांधी से यहां के लोगों ने की थी। जिसके बाद सरकार ने प्राथमिक के आधार पर इस स्कूल भवन का निर्माण करवाया और अब इसका उद्घाटन प्रियंका गांधी के हाथों करवाया जाएगा। जयराम ठाकुर के राजनीतिक गढ़ में तैयार इस भवन का उद्घाटन प्रियंका गांधी के हाथों करवाए जाने की खबर ने सियासी हलकों में भी चर्चाओं को हवा दे दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल की रेलिंग तोड़ ईंटों से भरा ट्रक खड्ड में जा गिरा, अंदर अकेला चालक ही था सवार

बच्चों ने प्रियंका गांधी से मांगी थी नई स्कूल इमारत

वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा ने देवरी के पुराने स्कूल भवन को भी बुरी तरह प्रभावित किया था। आपदा के बाद जब प्रियंका गांधी वाड्रा प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर पहुंची थीं, तब स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने उनके सामने अपनी समस्या रखी थी। बच्चों की सबसे बड़ी मांग थी कि उन्हें पढ़ाई के लिए सुरक्षित और बेहतर स्कूल भवन उपलब्ध करवाया जाए। प्रियंका गांधी ने उस समय स्कूल के नए भवन के निर्माण का भरोसा दिया था।

जयराम ठाकुर के गृह जिले में तैयार हुआ स्कूल भवन

देवरी क्षेत्र मंडी जिले में आता है, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता जयराम ठाकुर का गृह जिला भी माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस सरकार की ओर से यहां आपदा प्रभावित स्कूल के लिए करोड़ों रुपये की लागत से नया भवन तैयार करवाना राजनीतिक और स्थानीय दोनों लिहाज से चर्चा का विषय बन गया है। प्रदेश सरकार ने करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत से स्कूल के नए भवन का निर्माण पूरा करवाया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल जेल में बंद था पंजाबी, मिलने पहुंचे पिता ने थमाई ‘सफेद पुड़िया’; CCTV में पकड़ा गया

शिक्षा मंत्री को बिना उद्घाटन लौटना पड़ा था वापस

देवरी का यह स्कूल भवन उद्घाटन से पहले ही उस समय चर्चा में आ गया था, जब शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर इसके उद्घाटन के लिए क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे। बताया गया कि रविवार को शिक्षा मंत्री को करीब 4.69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करना था। उद्घाटन के लिए पट्टिका भी तैयार कर दी गई थी, लेकिन मंत्री के देवरी पहुंचने से पहले ही शिमला से उद्घाटन नहीं करने के निर्देश आने की बात सामने आई।

18 अगस्त को प्रियंका गांधी पहुंचेंगी देवरी

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अनुसार प्रियंका गांधी का हिमाचल दौरा कोई आधिकारिक सरकारी कार्यक्रम नहीं है। वह निजी दौरे पर हिमाचल पहुंच रही हैं और इसी दौरान देवरी स्कूल भवन का निरीक्षण एवं उद्घाटन करेंगी। 18 अगस्त को उनके देवरी पहुंचने की योजना है, जहां वह नवनिर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भवन को देखेंगी और बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत करेंगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के लिए अगले 48 घंटे भारी : पांच जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, मंडरा रहा खतरा

सीएम बोले- निजी दौरा, कोई सरकारी समारोह नहीं

मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया है कि प्रियंका गांधी का यह दौरा सरकार की ओर से आयोजित कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है। मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रियंका निजी तौर पर स्कूल पहुंचेंगी, बच्चों से मुलाकात करेंगी और तैयार भवन का उद्घाटन करेंगी। उनके कार्यक्रम में किसी बड़े सरकारी समारोह का आयोजन नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: ज्योतिष के कहने पर सरकारी टीचर ने बदली जन्मतिथि- कोर्ट ने लगाई फटकार

अटल बिहारी वाजपेयी को भी सीएम सुक्खू ने किया याद

इसी बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला के रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश और हिमाचल के लिए उनके योगदान को याद किया। सीएम ने कहा कि वाजपेयी का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव था और मनाली से उनका गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ऐसी राजनीति में विश्वास रखते थे, जिसमें सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की भावना थी और देश के विकास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख