मंडी। हिमाचल प्रदेश की सियासत में हॉलीलॉज बनाम सुक्खू खेमे की पुरानी राजनीतिक खींचतान एक बार फिर सुर्खियों में है। रोहड़ू में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की तस्वीर और नाम को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रतिभा सिंह की नाराजगी से कांग्रेस के भीतर सुलग रही अंदरूनी कलह अब खुलकर सतह पर आ गई है।
इसी राजनीतिक गर्मी और हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मैदान में उतरकर इस विवादित आग में घी डालने का पूरा काम किया है। मंडी में एक कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि सीएम को शायद यह गलतफहमी हो गई है कि वे हॉलीलॉज को 'डिस्लॉज' करने में पूरी तरह सफल हो गए हैं।
हॉलीलॉज को डिस्लॉज करने में तुले सीएम सुक्खू
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री यह मान बैठे हैं कि उन्होंने हॉलीलॉज को ‘डिस्लॉज’ करने में सफलता हासिल कर ली है। जयराम के मुताबिक जिस नेता ने हिमाचल प्रदेश के विकास में विशेष योगदान दिया हो, उसके योगदान को भुलाने की कोशिश करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का रवैया ऐसा बन गया है कि वह किसी भी नेता के योगदान को स्वीकार नहीं करना चाहते।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के लिए मोदी सरकार ने फिर खोला खजाना, मिलेगी करोड़ों रुपए की सहायता; जानें कहां होगी खर्च
वीरभद्र को भुलाना संकीर्ण सोच
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं की राजनीतिक विरासत को सिर्फ इसलिए नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि वर्तमान राजनीति में समीकरण बदल गए हैं। उनका कहना था कि प्रदेश के विकास में विशेष योगदान देने वाले नेता को भुला देना और लगातार उनका निरादर करना कांग्रेस की संकीर्ण सोच को दर्शाता है। जयराम ने वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री पर राजनीतिक विरासत को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस के भीतर की खींचतान फिर उजागर
जयराम ठाकुर ने प्रतिभा सिंह के हालिया बयान को कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी अब छिपी नहीं रह गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर भाजपा में गुटबाजी की बात करते हैं, लेकिन उन्हें अब अपनी पार्टी के भीतर झांककर देखना चाहिए। उनके अनुसार कांग्रेस में एक नहीं बल्कि कई गुट दिखाई दे रहे हैं और नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को लेकर जयराम ठाकुर के आरोप राजनीतिक बयान हैं; वहीं प्रतिभा सिंह की सार्वजनिक आपत्ति ने पार्टी के भीतर वीरभद्र सिंह की विरासत और सम्मान को लेकर बहस जरूर तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अब सड़क पर कटेगा चालान तो मौके पर होगा डिजिटल भुगतान; जानें सुक्खू सरकार की नई व्यवस्था
कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई अब सतह पर
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के भीतर की राजनीतिक खींचतान अब बंद कमरों तक सीमित नहीं रही। पहले भी जयराम ठाकुर कांग्रेस में कई गुट होने के आरोप लगाते रहे हैं और अब उन्होंने प्रतिभा सिंह के बयान को उसी दावे के संदर्भ में पेश किया है। उनका कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व को भाजपा के राजनीतिक समीकरणों पर टिप्पणी करने के बजाय अपने ही संगठन के भीतर उठ रही आवाजों पर ध्यान देना चाहिए।
हॉलीलॉज की विरासत फिर बनी राजनीतिक मुद्दा
हिमाचल की राजनीति में हॉलीलॉज सिर्फ एक राजनीतिक आवास नहीं बल्कि वीरभद्र सिंह की लंबे समय तक चली राजनीतिक विरासत का प्रतीक रहा है। ऐसे में रोहड़ू में वीरभद्र सिंह की तस्वीर और नाम को लेकर उठे सवाल ने एक पुराने राजनीतिक समीकरण को फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। प्रतिभा सिंह की नाराजगी के बाद भाजपा का हमला यह संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में वीरभद्र सिंह की विरासत बनाम सुक्खू नेतृत्व का मुद्दा हिमाचल की राजनीति में और जोर पकड़ सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मनचाहे स्टेशन पाने के लिए बीमारी का बहाना बनाते हैं कर्मचारी! हाईकोर्ट ने लगाई फटकार
अनिल शर्मा के बयान पर भी बोले जयराम
मंडी में जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक अनिल शर्मा के सांसदों से सहयोग नहीं मिलने संबंधी बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि विधायक को किसी तरह की समस्या है तो वह इस मुद्दे को पार्टी संगठन के समक्ष रख सकते हैं। जयराम ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों पर मीडिया के माध्यम से जवाब देने के बजाय संगठन के भीतर चर्चा होना अधिक उचित है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पार्टी स्तर पर बात की जाएगी।
कंगना के बयान का भी किया बचाव
मंडी सांसद कंगना रनौत के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने उनका बचाव किया। उन्होंने कहा कि कंगना का बयान प्रदेश सरकार की ओर से लिए जा रहे कर्ज के संदर्भ में था और उसी संदर्भ में उसे देखा जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ट्रैकिंग पर निकले पांच ट्रैकर लापता, पिछले 12 घंटे से रेस्क्यू जारी- बर्फबारी बनी बाधा
महिला मोर्चा के कार्यक्रम में पहुंचे जयराम
जयराम ठाकुर मंडी के इंदिरा मार्केट पार्क में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने महिला मोर्चा की बैठक में भी हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। लेकिन कार्यक्रम से इतर जयराम ठाकुर के बयानों ने हिमाचल की राजनीति को एक नया मुद्दा दे दिया।
रोहड़ू से मंडी तक गरमाई सियासत
रोहड़ू में वीरभद्र सिंह की कथित अनदेखी से शुरू हुई बहस अब मंडी तक पहुंच चुकी है। पहले प्रतिभा सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर की और अब जयराम ठाकुर ने उसी मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू को घेरा है। एक तरफ वीरभद्र सिंह की राजनीतिक विरासत को लेकर प्रतिभा सिंह की नाराजगी, दूसरी तरफ जयराम ठाकुर का कांग्रेस की गुटबाजी और सुक्खू नेतृत्व पर हमला—इन दोनों घटनाक्रमों ने हिमाचल की सियासत में हॉलीलॉज बनाम सुक्खू खेमे की चर्चा को फिर हवा दे दी है।
