धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार का शीतकालीन विधानसभा सत्र सोमवार से धर्मशाला के तपोवन में शुरू होने जा रहा है। यह मौजूदा सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र होगा। छह दिन तक चलने वाले इस सत्र में विपक्ष कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं, सत्ता पक्ष के विधायक भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और प्रदेश से जुड़े मामलों को सदन में उठाएंगे।

पहले दिन होंगे 33 सवाल

सदन की कार्यवाही की शुरुआत दो पूर्व विधायकों स्वर्गीय नंदलाल और मेजर विजय सिंह मनकोटिया को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी। इसके बाद प्रश्नकाल शुरू होगा, जिसमें विधायक सरकार से 33 सवाल पूछेंगे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के मुताबिक, छह दिन के इस सत्र के लिए कुल 414 सवाल लगाए गए हैं। इनमें 291 तारांकित और 123 अतारांकित सवाल शामिल हैं। सत्र की शुरुआत दोपहर 2 बजे होगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा नेताओं के साथ वायरल हुई MLA सुंदर ठाकुर की तस्वीर, तेज हुई सियासी हलचल

कई मुद्दों को लेकर  सरकार से मांगा जाएगा जवाब

विधायकों ने सबसे ज्यादा सवाल सड़क और पुलों के निर्माण, पेयजल योजनाओं, अस्पतालों में सुविधाओं और स्कूल-कॉलेजों की हालत को लेकर लगाए हैं। इसके अलावा सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। प्रदेश में बढ़ते नशे के मामले, आपराधिक घटनाएं और कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी सदन में उठ सकता है। पर्यटन, बागवानी और परिवहन से जुड़े सवाल भी विधायक पूछेंगे।

पूरी सरकार धर्मशाला पहुंची, CM सुक्खू आज आएंगे

शीतकालीन सत्र में शामिल होने के लिए पूरी सरकार रविवार शाम को ही शिमला से धर्मशाला पहुंच गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को हेलिकॉप्टर से धर्मशाला पहुंचेंगे। इस बार सत्र में युवाओं के बीच बढ़ते नशे के चलन का मुद्दा भी जोर-शोर से उठ सकता है। विधायकों ने नशे की रोकथाम और इसके खिलाफ सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर सवाल लगाए हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवक ने शुरू किया प्रदेश का पहला डोंकी फार्म, 7 हजार रुपए प्रतिकिलो बेचेगा गधी का दूध

सड़क-पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर उठेंगे सवाल

सत्र के दौरान सरकारी विभागों में कर्मचारियों की कमी का मामला भी उठेगा। इसके अलावा सरकारी संस्थानों में खाली पदों और अस्पतालों व शिक्षण संस्थानों में सुविधाओं की स्थिति पर विधायक सरकार से जवाब मांगेंगे। ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुलों की खराब हालत के साथ पेयजल योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

19 नवंबर को विधायक उठाएंगे प्रदेश हित से जुड़े मुद्दे

शीतकालीन सत्र में 19 नवंबर को गैरसरकारी सदस्य कार्य दिवस रखा गया है। इस दिन विधायक नियम 101 के तहत प्रदेश के हित से जुड़े जरूरी मुद्दों और नीतिगत बदलावों को लेकर प्रस्ताव सदन में रख सकेंगे। इस साल बजट सत्र में 16 और मानसून सत्र में 10 बैठकें हुई थीं। अब शीतकालीन सत्र की छह बैठकें पूरी होने के बाद साल 2026 में विधानसभा की कुल बैठकों की संख्या 32 हो जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेहरा बांधने से 16 दिन पहले उठी फौजी की अर्थी, सैन्य सम्मान से विदा किया जवान अक्षय

सत्र से पहले स्पीकर करेंगे सर्वदलीय बैठक

विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया सर्वदलीय बैठक करेंगे। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उपमुख्य सचेतक और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से चलाने में सहयोग करने की अपील की है।

कांग्रेस और भाजपा विधायक दल बनाएंगे अपनी-अपनी रणनीति

सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों दल तपोवन में अपने-अपने विधायक दल की बैठक करेंगे। इन बैठकों में सदन के अंदर एक-दूसरे को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी शामिल होंगी। वहीं, भाजपा विधायक दल भी विपक्ष की भूमिका को लेकर अपनी रणनीति तैयार करेगा।