शिमला। हिमाचल प्रदेश का बजट सोमवार 17 मार्च को दोपहर 2 बजे नहीं, बल्कि सुबह 11 बजे पेश होगा। शुक्रवार 14 मार्च को होली की छुट्टी के बाद शनिवार को भी विधानसभा का अवकाश रहेगा। स्पीकर कुलदीप पठानिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। बजट सत्र के तीसरे दिन मंदिरों से पैसा लेने के मुद्दे पर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच जमकर नोंक-झोंक हुई।

इसलिए बदला बजट भाषण का समय

स्पीकर ने बताया कि कुछ सदस्यों की आपत्ति के बाद सुबह बजट पेश करने का समय बदला है, वरना हर बार सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होती है। विधायकों के आग्रह पर विधानसभा सचिवालय प्रशासन ने इसका समय बदला है।

यह भी पढ़ें : बड़ी राहत: हिमाचल में पटवारी-कानूनगो की हड़ताल खत्म, कल से काम पर लौटेंगे

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू अब 17 मार्च को सुबह 11 बजे आगामी वित्त वर्ष का बजट पेश करेंगे। शुक्रवार को होली की छुट्टी के कारण सदस्यों ने शनिवार को विधानसभा सत्र टालने का अनुरोध किया।

मुकेश और जयराम के बीच नोंक-झोंक

भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने सदन में मंदिरों से पैसा लेने का मामला उठाया था। सीएम सुक्खू की गैरमौजूदगी में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री इस पर बोलने के लिए उठे। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय भी मंदिर ट्रस्ट से पैसे लिए गए।

यह भी पढ़ें : 6 विषयों में की मास्टरी, नौकरी के लिए खूब पढ़ा पवन- अब बना लेक्चरर

जवाब में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा भाजपा ने मंदिर के अधीन चल रही गोशाला के लिए 15 प्रतिशत तक धन के प्रावधान की बात कही थी, जबकि सुखाश्रय योजना को राज्य सरकार ने बजट प्रावधान के साथ शुरू किया था। इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री और जयराम ठाकुर के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भी दोनों नेता कई बार आमने-सामने हुए।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें