शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। आपदा के बीच आज विधानसभा के सत्र का 11वां दिन है। सत्र की बैठक दोपहर दो बजे शुरू होगी। वहीं दो से तीन बजे के बीच प्रश्नकाल होगा। इसके बाद शून्यकाल और अन्य नियमों के तहत मुद्दों पर चर्चा होगी।

सदन में आपदा का मुद्दा

आज के सत्र में राज्य में आई आपदा का मुद्दा जरूर उठेगा। प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश, भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ जैसे हालातों पर चर्चा के पूरे-पूरे आसार हैं। वहीं आज सदन में चार विधेयकों को पेश किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश ने मचाई तबाही : कई घर टूटे, मलबे में दबे बाप-बेटी समेत तीन

पेश किए जाएंगे ये विधेयक

ये हिमाचल प्रदेश लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक 2025, हिमाचल प्रदेश सड़क द्वारा कतिपय माल के वहन पर कराधान संशोधन विधेयक 2025, रजिस्ट्रीकरण हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक 2025 और हिमाचल प्रदेश पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025 होंगे।

कल पारित करने का प्रस्ताव

इन विधेयकों को पारित करने के प्रस्ताव हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को किए जा सकते हैं। बता दें कि मंगलवार को विधानसभा का 12 दिवसीय मॉनसून सत्र खत्म हो जाएगा। ये 14वीं विधानसभा का 12वां सत्र है। हिमाचल के इतिहास में ये चौथा सबसे लंबा सत्र है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भूस्खलन से मचा हाहाकार, मलबे में दफन हुए बाप-बेटी समेत 5 लोग

केवल पठानिया रखेंगे प्रस्ताव

सोमवार को ही सदन में हिमाचल प्रदेश लोक उपयोगिताओं के परिवर्तन का प्रतिषेध विधेयक 2025 को पारित करने का भी प्रस्ताव किया जाएगा। नियम 130 के तहत शाहपुर के कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया संसाधन जुटाने के लिए नीति बनाने का सदन में प्रस्ताव रखेंगे। 

बिक्रम सिंह भी रखेंगे प्रस्ताव

भाजपा विधायक बिक्रम सिंह अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से उत्पन्न पर्यावरणीय असंतुलन, भूस्खलन और बाढ़ जैसी समस्याओं को रोकने के लिए नीति बनाने का प्रस्ताव रखेंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें