मंडी। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। शुरुआती दो घंटों (सुबह 9 बजे तक) में मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया है। लगातार हो रही बारिश ने भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं किया है। मतदाता छाता लिए मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। जिलों के अनुसार वोटिंग प्रतिशत इस प्रकार है:

  • कुल्लू: 20.55%
  • किन्नौर: 20.22%
  • मंडी: 18.11%
  • कांगड़ा: 18.04%

शाम को घोषित होंगे प्रधान-उपप्रधान के नतीजे

दोपहर 3 बजे वोटिंग प्रक्रिया खत्म होने के तुरंत बाद ही प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों के वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी और आज शाम तक ही इनके नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि जिला परिषद और पंचायत समिति (BDC) के सदस्यों के भाग्य का फैसला कल यानी 31 मई को होने वाली मतगणना के बाद होगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: पिछले चार घंटे से हो रही बारिश- आज 10 जिले अलर्ट पर, जानें डिटेल

बारिश भी नहीं रोक पाई मतदाताओं के कदम

हैरानी की बात ये रही कि जहां पिछले दो चरणों में लोग भीषण गर्मी और धूप से बचने के लिए छाते लेकर पोलिंग बूथ पहुंच रहे थे, वहीं आज ऊना जिले सहित कई इलाकों में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद मतदाताओं ने मौसम की परवाह नहीं की और छाते तानकर मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी लाइनों में खड़े नजर आए। बारिश से तापमान में गिरावट आने के कारण लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

चुनाव से जुड़े मुख्य आंकड़े

  • कुल पंचायतें: 1,189 ग्राम पंचायतें (6,615 वार्ड)
  • कुल मतदाता: 15 लाख 40 हजार 324 (पुरुष: 7,76,802 | महिला: 7,63,517 | अन्य: 5)
  • वोटिंग का समय: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक

यह भी पढ़ें- बदल रही हिमाचल के गांवों की तस्वीर: इन पंचायतों में 22 से 25 साल की बेटियां बनी प्रधान

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी मतदान केंद्रों और संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं ताकि ग्रामीण सरकार चुनने के इस महापर्व में लोग बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।