मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी में जिला परिषद चुनाव के दौरान फर्जी वोटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टिहरा वार्ड में चुनाव लड़ रही पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया पर विरोधी पक्ष ने उनके बेटे का फर्जी वोट डलवाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद इलाके में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।
क्या है पूरा मामला ?
टिहरा वार्ड में जिला परिषद के लिए मंगलवार को मतदान प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान चौलथरा के करयाल बूथ पर तैनात पोलिंग एजेंट सतीश कुमार ने धांधली का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार भाजपा समर्थित उम्मीदवार वंदना गुलेरिया के बेटे दक्ष गुलेरिया (मतदाता सूची क्रमांक संख्या 44) इस समय घर पर मौजूद नहीं हैं लेकिन बूथ पर उनका वोट कथित तौर पर वंदना गुलेरिया के ड्राइवर या किसी अन्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा डाल दिया गया।
यह भी पढ़ें- RCBvsGT : धर्मशाला स्टेडियम में महामुकाबला, मैच से पहले साथियों संग खड्ड में नहाने पहुंचे शुभमन
विरोधी प्रत्याशी रजिता ठाकुर के पति और पोलिंग एजेंट सतीश कुमार ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि वे इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। इस संबंध में उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त मंडी और उपमंडलाधिकारी धर्मपुर को लिखित शिकायत भेजी है।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
शिकायत मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। SDM धर्मपुर ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत नायब तहसीलदार और सेक्टर ऑफिसर को जांच के आदेश दिए और उन्हें मौके पर (करयाल बूथ) रवाना किया ताकि मतदान प्रक्रिया की सत्यता की जांच की जा सके।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : बूथ बना अखाड़ा...वोटिंग के लिए चले दो पक्षों में जमकर लात-घूसे
टिहरा वार्ड का सियासी समीकरण
टिहरा वार्ड से इस बार का मुकाबला बेहद त्रिकोणीय और दिलचस्प माना जा रहा है:
- प्रमुख उम्मीदवार: वंदना ठाकुर, अनिता ठाकुर और रजिता ठाकुर।
- पारिवारिक पृष्ठभूमि: वंदना गुलेरिया धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से सात बार के विधायक और प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रहे कद्दावर नेता महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी हैं।
- राजनैतिक रसूख: वंदना इससे पहले भी जिला परिषद सदस्य (पार्षद) का चुनाव जीत चुकी हैं और उन्होंने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा टिकट के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की थी।
इस हाई-प्रोफाइल सीट पर पूर्व मंत्री की बेटी के खिलाफ फर्जी वोटिंग की शिकायत के बाद अब सबकी नजरें प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
