#विविध
May 26, 2026
RCBvsGT : धर्मशाला स्टेडियम में महामुकाबला, मैच से पहले साथियों संग खड्ड में नहाने पहुंचे शुभमन
शुभमन गिल ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किए यादगार पल
शेयर करें:

कांगड़ा। IPL 2026 के अहम मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों ने मैदान के तनाव से दूर धर्मशाला की प्राकृतिक खूबसूरती के बीच खुद को तरोताजा किया। टीम के कप्तान शुभमन गिल अपने कुछ साथियों के साथ खनियारा क्षेत्र के पास बहने वाली मांझी खड्ड पहुंचे, जहां उन्होंने बर्फ जैसे ठंडे पानी में उतरकर मस्ती की।
धौलाधार पर्वतमाला से आने वाला यह पानी बेहद ठंडा माना जाता है, लेकिन खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ। शुभमन गिल काफी देर तक प्राकृतिक जलधारा के बीच बने गहरे हिस्से में तैरते और पानी के छींटों का आनंद लेते नजर आए। खिलाड़ियों ने करीब 40 से 45 मिनट तक यहां समय बिताया और मैच से पहले खुद को मानसिक रूप से हल्का करने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि टीम के ठहरने वाले होटल में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्वीमिंग पूल मौजूद हैं। मगर इसके बावजूद खिलाड़ियों ने पहाड़ों के बीच बहते प्राकृतिक पानी का अनुभव लेना ज्यादा पसंद किया। इस दौरान गिल ने अपने मोबाइल फोन से आसपास के दृश्य और यादगार पल भी रिकॉर्ड किए।

गुजरात टीम के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन भी खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे। सभी खिलाड़ी बेहद रिलैक्स मूड में दिखाई दिए। स्थानीय लोगों में भी खिलाड़ियों को देखकर उत्सुकता रही, हालांकि खिलाड़ियों ने सामान्य पर्यटकों की तरह यहां समय बिताया।
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर मुकाबला खेला जाएगा। गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक माना जा रहा है। दोनों टीमों ने पूरे सीजन में दमदार प्रदर्शन किया है और अब फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी।
टीम के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने भी मैच से पहले अलग अंदाज में समय बिताया। वह धौलाधार की पहाड़ियों की तरफ ट्रैकिंग के लिए निकल पड़े। शांत वातावरण और हरियाली के बीच उन्होंने प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे पल बिताए। वहीं टीम के कुछ अन्य खिलाड़ी होटल परिसर में आराम करते और स्वीमिंग पूल का आनंद लेते दिखाई दिए।
धर्मशाला लंबे समय से क्रिकेटरों की पसंदीदा जगहों में शामिल रहा है। यहां आने वाले खिलाड़ी अक्सर प्राकृतिक झरनों, खड्डों और ट्रैकिंग स्थलों की ओर निकल जाते हैं। त्रियुंड ट्रैक, मैक्लोडगंज और धर्मकोट जैसे इलाके खिलाड़ियों को खासे पसंद आते हैं।
कुछ समय पहले रोहित शर्मा भी अपने साथियों के साथ धर्मकोट पहुंचे थे, जहां उन्होंने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया था। वहीं, अर्शदीप सिंह को भी धर्मशाला और मैक्लोडगंज के बाजारों में घूमते देखा गया था।
धर्मशाला की सबसे खास बात यह मानी जाती है कि यहां खिलाड़ी बिना किसी बनावटी माहौल के बेहद सहज होकर घूमते हैं। कई बार खिलाड़ी बहुत कम सुरक्षा के साथ आम लोगों के बीच दिखाई देते हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में भी उत्साह बना रहता है।