मंडी। हिमाचल प्रदेश की सियासत में सराज विधानसभा क्षेत्र एक बार फिर चर्चा में है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 30 नवंबर को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सराज पहुंचेंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री यहां किसी सरकारी गेस्ट हाउस के बजाय एक गांव में रात गुजारेंगे और ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे।
‘सरकार गांव के द्वार’ के तहत होगा प्रवास
सराज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी ने मुख्यमंत्री के दौरे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से प्रस्तावित यह दौरा अब तय हो गया है। मुख्यमंत्री 30 नवंबर को सराज पहुंचेंगे और रात्रि ठहराव भी इसी क्षेत्र के एक गांव में करेंगे।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹1500 और 300 यूनिट बिजली मुफ्त, अधिसूचना जारी
इस दौरान ग्रामीणों के साथ मुलाकात और एक बड़ी जनसभा का आयोजन भी प्रस्तावित है। एक दिसंबर को मुख्यमंत्री क्षेत्र के लिए कई विकासात्मक घोषणाएं और सौगातें दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बद्दी के दौरे के बाद सराज पहुंच सकते हैं। उनका यह प्रवास प्रदेश सरकार के ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत होगा।
पहले भी दुर्गम गांवों में रात बिता चुके हैं CM
सरकार का यह कार्यक्रम जनवरी 2024 में शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन और सरकार की पहुंच बनाना तथा लोगों की समस्याएं सीधे सुनना है। इसके तहत मुख्यमंत्री हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला और कुल्लू सहित कई जिलों का दौरा कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें : डिप्टी CM के विभाग पर बिजली बिल का 250 करोड़ बकाया, बोर्ड प्रबंधन ने वसूली के लिए भेजा पत्र
अक्टूबर 2024 में उन्होंने शिमला जिले के डोडरा क्वार और दिसंबर में कुपवी के टिक्कर में जनसंवाद किया था। इसके अलावा कुल्लू की शरची पंचायत और आनी के बागा-सराहन में भी ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं।
जयराम ठाकुर के गढ़ में सियासी परीक्षा
मुख्यमंत्री का सराज दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का गृह विधानसभा क्षेत्र है, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी। जयराम ठाकुर को 53,562 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 15,379 वोट हासिल हुए थे। दोनों के बीच जीत का अंतर 38,183 मतों का रहा था।
यह भी पढ़ें : देहरादून में हिमाचल की बोलेरो खाई में समाई : 2 साल की मासूम समेत महिला की थमीं सांसें
ऐसे में मुख्यमंत्री का इस क्षेत्र में रात्रि प्रवास और जनसभा कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है। अब निगाहें 30 नवंबर और एक दिसंबर के कार्यक्रम पर रहेंगी कि मुख्यमंत्री सराज के लोगों को क्या सौगात देते हैं और क्षेत्र में उनकी जनसभा को कैसा समर्थन मिलता है।
