धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन सदन के बाहर काफी हलचल देखने को मिली। कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कांग्रेस विधायक पूर्व की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान विधायकों ने 'एक कचौड़ी दो समोसा, जयराम तेरा क्या भरोसा' जैसे नारे लगाए। कांग्रेस विधायकों ने पोस्टर और बैनर दिखाकर भाजपा पर हिमाचल की संपत्ति को सस्ते दामों पर देने और सत्ता का गलत इस्तेमाल करने के आरोप लगाए।

मुख्यमंत्री सुक्खू की अगुवाई में हुआ प्रदर्शन

विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होनी थी। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और पार्टी के कई विधायक विधानसभा परिसर में इकट्ठा हुए। CM सुक्खू की अगुवाई में सभी विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इन तख्तियों के जरिए भाजपा पर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने, हिमाचल की संपत्ति को लुटाने और सत्ता का गलत इस्तेमाल करने जैसे आरोप लगाए गए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : परिवार में चल रहा था बेटे की शादी का जश्न, घर पहुंची पिता की देह- गम में बदली सारी खुशियां

तपोवन में चल रहा विधानसभा का शीतकालीन सत्र

इन दिनों धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है। 16 नवंबर से शुरू हुए इस सत्र का बुधवार को तीसरा दिन है। विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस और भाजपा विधायकों का एक-दूसरे के खिलाफ पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन करना पहले भी देखने को मिलता रहा है। लेकिन इस बार कांग्रेस विधायकों ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए 'एक कचौड़ी दो समोसा' वाले नारे को अपने अंदाज में इस्तेमाल कर भाजपा पर निशाना साधा।

सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था 'एक कचौड़ी दो समोसा' नारा

'एक कचौड़ी दो समोसा' वाला नारा पिछले दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा था। महिला सुरक्षा और यौन उत्पीड़न के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान 'एक कचौड़ी दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा' जैसे नारे लगाए गए थे। इसकी तुकबंदी लोगों को काफी पसंद आई और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद इस नारे पर कई वीडियो, रील्स और मीम्स भी बनाए गए। अब कांग्रेस विधायकों ने इसी तुकबंदी को बदलकर भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधा है।

 

यह भी पढ़ें : सांसद कंगना का राहुल गाधी पर तंज : फोटो शेयर कर लिखा, संस्कार अपने-अपने; छिड़ी नई बहस

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए 5 हजार बीघा जमीन देने के आरोप

कांग्रेस नेताओं ने पूर्व भाजपा सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हिमाचल की संपत्ति को सस्ते दामों पर देने के आरोप लगाए हैं। CM सुक्खू के मुताबिक, भाजपा सरकार ने बद्दी में करीब 5 हजार बीघा जमीन केवल 1.12 करोड़ रुपये में आवंटित कर दी थी। कांग्रेस का आरोप है कि कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर कंपनियों को कई तरह की छूट दी गई। इनमें स्टांप ड्यूटी माफ करना, पांच साल तक 3 रुपये प्रति यूनिट बिजली और मुफ्त पानी देने जैसी सुविधाएं शामिल थीं। कांग्रेस का कहना है कि इससे प्रदेश के संसाधनों को नुकसान पहुंचा।

भाजपा ने भी कांग्रेस सरकार को घेरा

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन यानी 17 नवंबर को भाजपा ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला था। विपक्ष ने 'हिमाचल ऑन सेल' और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नियम 67 के तहत काम रोको प्रस्ताव पेश किया था। इस दौरान कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बद्दी में कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर 5 हजार बीघा जमीन बहुत कम कीमत पर दी गई। उन्होंने धर्मशाला में हुई हजारों रजिस्ट्रियों और बल्क ड्रग पार्क के आसपास एक ही व्यक्ति के नाम पर कई रजिस्ट्रियां होने का मुद्दा भी उठाया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा बेच खड़ा किया साम्राज्य : पुलिस ने गाड़ी-बंगला समेत 57.92 लाख की प्रॉपर्टी सीज

जयराम ठाकुर का पलटवार, कांग्रेस सरकार पर लगाए आरोप

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने चार साल के कार्यकाल में हिमाचल को चार दशक पीछे धकेल दिया है। जयराम ठाकुर ने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कांग्रेस सरकार का आखिरी विधानसभा सत्र होगा और अब उसकी विदाई का समय आ गया है।

2027 में होने हैं हिमाचल विधानसभा चुनाव

हिमाचल प्रदेश में नवंबर 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस सरकार के चार साल पूरे होने के करीब हैं। ऐसे में चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी माहौल गरमाने लगा है। भ्रष्टाचार, जमीन आवंटन और प्रदेश के संसाधनों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष लगातार एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी दोनों दलों के बीच इसी मुद्दे पर टकराव देखने को मिल रहा है।

दिल्ली में लगे थे नारे 

'एक कचौड़ी, दो समोसा' वाला नारा सबसे पहले दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान चर्चा में आया था। दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा और यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाते हुए 'एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा' जैसे नारे लगाए थे। इसके जरिए छात्राओं ने महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, असुरक्षा और रोजमर्रा की परेशानियों को सामने रखा था। धीरे-धीरे यह नारा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इस पर कई वीडियो और रील्स भी बनने लगीं। अब इसी पुराने नारे को थोड़ा बदलकर हिमाचल में कांग्रेस विधायकों ने भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसने के लिए इस्तेमाल किया है।