शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा लॉटरी योजना को पुनः शुरू किए जाने के फैसले पर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस निर्णय को जनविरोधी और दिशाहीन बताते हुए सरकार पर जोरदार हमला बोला है। शुक्रवार को राजधानी शिमला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार की नीतियों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।
नौकरी नहीं है तो सुक्खू की लॉटरी खरीदो
डॉ बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनावों के दौरान युवाओं से एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया था, लेकिन अब सरकार उन्हें रोजगार देने की बजाय लॉटरी बेचने के काम में लगा रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह सुक्खू सरकार की लॉटरी है, जो लगेगी ही लगेगी। अब युवाओं से कहा जाएगा नौकरी नहीं है, लॉटरी बेचो और सुक्खू की लॉटरी खरीदो।
यह भी पढ़ें : लॉटरी पर गरमाई सियासत: जयराम बोले- प्रदेश को बर्बादी की तरफ धकेल रही सुक्खू सरकार
भाजपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब दुनिया तकनीक और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रही है, तब हिमाचल की कांग्रेस सरकार समाज को लॉटरी की ओर पीछे धकेल रही है। उन्होंने इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया।
शराब चिट्टे की चपेट में युवा, अब लॉटरी से होंगे बर्बाद
डॉ बिंदल ने लॉटरी को समाज में एक नई लत बताते हुए कहा कि प्रदेश पहले ही शराब और चिट्टे के नशे की चपेट में है और अब सरकार लॉटरी जैसी आदत को बढ़ावा देकर युवाओं को और गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकारी जमीनों पर निजी शराब के ठेके खोले जा रहे हैं और सरकार अब भांग के उत्पादन को वैध बनाने की दिशा में भी विचार कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सालगिरह की पार्टी मनाने के बाद नहर में डूबे थे दो दोस्त, 6 दिन बाद मिली देह
भाजपा सरकार बंद करेगी लॉटरी
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के पिछले लगभग तीन वर्षों में कोई उल्लेखनीय सरकारी भर्ती नहीं की गई है, जबकि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा खोले गए शैक्षणिक व स्वास्थ्य संस्थानों को बंद किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि यदि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है तो न केवल लॉटरी योजना को दोबारा बंद किया जाएगा, बल्कि कांग्रेस सरकार में बंद किए गए सभी संस्थानों को फिर से खोला जाएगा।
ये भी पढ़ें: हिमाचल में रसोई का बोझ हल्का- LPG सिलेंडर के दामों में बड़ी गिरावट, जानें कितना रुपए सस्ता हुआ
भाजपा करेगी बड़ा प्रदर्शन
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि मंडी जिले में कई भाजपा कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक द्वेष से प्रेरित होकर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। इन घटनाओं के विरोध में भाजपा आगामी 6 अगस्त को मंडी में एक बड़ा जन प्रदर्शन करेगी।
