रामपुर बुशहर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले रामपुर बुशहर की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। छह बार विधायक और पूर्व मंत्री रह चुके भाजपा के वरिष्ठ नेता सिंघी राम ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस विधायक नंदलाल के निधन के बाद रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की संभावनाएं बनी हुई हैं। ऐसे में सिंघी राम का भाजपा से अलग होना राजनीतिक दृष्टि से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

भाजपा के पास रामपुर में था मजबूत चेहरा

रामपुर की सियासत में लंबे समय से कांग्रेस का प्रभाव रहा है और भाजपा अब तक इस विधानसभा सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई है। ऐसे में भाजपा के पास सिंघी राम के रूप में एक ऐसा चेहरा था, जो क्षेत्र की राजनीति को लंबे समय से समझता है और छह बार विधायक रह चुका है। राजनीतिक जानकारों के बीच यह चर्चा भी थी कि उपचुनाव की स्थिति में उनकी भूमिका भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। लेकिन उपचुनाव की राजनीतिक बिसात पूरी तरह बिछने से पहले ही उनके इस्तीफे ने भाजपा की तैयारियों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: शादीशुदा प्रेमिका के घर में घुसा पंजाबी युवक, तान दी पि**स्टल; बोला- मेरे साथ चल- नहीं तो..

उपचुनाव से पहले बदले रामपुर के सियासी समीकरण

रामपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस विधायक नंदलाल का 3 नवंबर 2026 को निधन हो गया था। वह लगातार चार बार इस क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उनके निधन के बाद सीट खाली हो गई है और यहां उपचुनाव होना है। अगले विधानसभा चुनाव दिसंबर 2027 में प्रस्तावित हैं, इसलिए रामपुर का उपचुनाव प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के लिए रामपुर सीट लंबे समय से चुनौती रही है। पिछले कई चुनावों में पार्टी को यहां जीत नहीं मिल पाई है। ऐसे में सिंघी राम जैसे अनुभवी नेता का पार्टी में होना भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। अब उनके इस्तीफे के बाद पार्टी को उपचुनाव से पहले अपनी रणनीति और संभावित चेहरों पर नए सिरे से विचार करना पड़ सकता है।

 

यह भी पढ़ें : गजब..हिमाचल में यहां हुई 500 के नोटों की बारिश ! अचानक जमीन पर गिरने लगे पैसे; जानें पूरा वाक्या...

छह बार कांग्रेस के टिकट पर जीते, वीरभद्र सरकार में बने थे मंत्री

सिंघी राम का राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू हुआ था। उन्होंने वर्ष 1982 में पहली बार रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। इसके बाद 1985, 1990, 1993, 1998 और 2003 में लगातार जीत दर्ज कर छह बार विधानसभा पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। वर्ष 2004 में उन्हें वीरभद्र सिंह सरकार में मंत्री बनाया गया था। इस दौरान उन्होंने बागवानी तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी संभाली। रामपुर की राजनीति में उन्होंने लंबे समय तक प्रभावशाली भूमिका निभाई और क्षेत्र में अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई।

 

यह भी पढ़ें : बारात की गाड़ी खाई में गिरी, दो लोगों की मौ**त के बाद भी नहीं जागा मंत्री विक्रमादित्य का विभाग

2019 में कांग्रेस छोड़ थामा था भाजपा का दामन

लंबे समय तक कांग्रेस में रहने के बाद सिंघी राम ने वर्ष 2019 में भाजपा का दामन थाम लिया था। उस समय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में उन्होंने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उनके भाजपा में शामिल होने को रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस के लिए एक राजनीतिक झटके के रूप में देखा गया था। भाजपा को उम्मीद थी कि सिंघी राम के अनुभव और क्षेत्र में उनके पुराने राजनीतिक संपर्कों से पार्टी को रामपुर में अपना जनाधार मजबूत करने में मदद मिलेगी। हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव भी लड़ा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाए थे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शादी से लौट रहे दो जवानों की कार खड्ड में गिरी, एक की मौ*त- दूसरे की हालत नाजुक

सिंघी राम ने क्यों दिया इस्तीफा

सिंघी राम ने 10 नवंबर 2026 को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को संबोधित अपना त्यागपत्र भेजा है। इसमें उन्होंने वर्ष 2019 में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करने का उल्लेख करते हुए निजी कारणों से इस्तीफा देने की बात कही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से अपना त्यागपत्र स्वीकार करने का आग्रह किया है। यह पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया है।

 

यह भी पढ़ें : सुंदर ठाकुर को जयराम की सलाह- मंत्री बनाने के नाम पर पीछे-पीछे घुमा रहे CM सुक्खू, बचाएं अपनी इज्जत

 

खास बात यह है कि सिंघी राम ने अपने इस्तीफे में पार्टी के किसी नेता के प्रति नाराजगी, संगठन में अनदेखी या किसी राजनीतिक विवाद का जिक्र नहीं किया है। उन्होंने केवल निजी कारणों को इस्तीफे का आधार बताया है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह आगे किसी दूसरे राजनीतिक दल से जुड़ेंगे या सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखेंगे।

क्या वापस कांग्रेस में आएंगे सिंघी राम?

पूर्व मंत्री सिंघी राम के इस्तीफे के बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। लोग इस बात का भी अंदेशा जाहिर कर रहे हैं कि पूर्व मंत्री सिंघी राम दोबारा कांग्रेस ज्वाइन कर सकते हैं। राजनीतिक जानकारों की मानें तो सिंघी राम कांग्रेस की टिकट पर छह बार विधायक बने थे और वीरभद्र के कार्यकाल में वह मंत्री भी रह चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें : सत्र से पहले सीएम सुक्खू ने क्यों बुला ली कैबिनेट बैठक? कल बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर

 

अब कांग्रेस विधायक नंद लाल के निधन के बाद रामपुर सीट खाली हो चुकी है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या सिंघी राम दोबारा कांग्रेस ज्चाइन कर रामपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे में निजी कारण बताए हैं, लेकिन यह भी सच है कि राजनीतिक में कब क्या हो जाए यह कोई नहीं कह सकता। ऐसे में लोगों की अटकलें कितनी सही होती हैं यह तो भविष्य ही बताएगा।

रामपुर उपचुनाव बना भाजपा के लिए चुनौती

सिंघी राम का इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब हिमाचल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। रामपुर में प्रस्तावित उपचुनाव को भी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल का महत्वपूर्ण संकेतक माना जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सिंघी राम का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा? क्या वह किसी दूसरे दल में शामिल होंगे या फिर अपनी अलग राजनीतिक राह चुनेंगे? वहीं भाजपा रामपुर में उपचुनाव के लिए किस चेहरे पर दांव लगाएगी, यह भी आने वाले समय में दिलचस्प रहेगा। फिलहाल छह बार विधायक रह चुके इस पूर्व मंत्री के इस्तीफे ने रामपुर की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें