राजनीति

#विविध

November 11, 2026

सुंदर ठाकुर को जयराम की सलाह- मंत्री बनाने के नाम पर पीछे-पीछे घुमा रहे CM सुक्खू, बचाएं अपनी इज्जत

बुजुर्गों को पेंशन देने के वादे से शुरू की थी सरकार

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Jairam Thakur news

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर को अब मंत्री बनने की उम्मीद छोड़कर अपने स्वाभिमान की चिंता करनी चाहिए। जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री उन्हें मंत्री बनाने के नाम पर अपने पीछे-पीछे घुमा रहे हैं, जबकि उन्हें अब साफ तौर पर मंत्री बनने से इनकार कर देना चाहिए।

सुंदर सिंह को अब मंत्री पद नहीं, स्वाभिमान की चिंता करनी चाहिए

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक मित्र के नाते सुंदर सिंह ठाकुर के साथ जो किया, ऐसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उन्हें मंत्री बनाने की बात कहकर पूरे प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में भी अपने साथ घुमा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शोरूम के पास नशे की डील करने आए थे दो यार, पुलिस ने लाखों के चिट्टे संग किए गिरफ्तार

 

जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री को एक साल बाद याद आया कि उनके ग्रह खराब हैं। अब सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनने से ज्यादा अपने स्वाभिमान की चिंता करनी चाहिए। उन्हें मुख्यमंत्री से साफ कह देना चाहिए कि अब उन्हें मंत्री नहीं बनना है। इससे उनका सम्मान और बढ़ेगा। मंत्री पद के लिए बार-बार अपमान सहने का कोई मतलब नहीं है।

बुजुर्गों को पेंशन देने के वादे से शुरू की थी सरकार

जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने अपनी पिछली सरकार के काम गिनाए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर काम शुरू किया था। पहली ही कैबिनेट में कोशिश की गई थी कि हर बुजुर्ग को पेंशन का लाभ मिले। वहीं, उन्होंने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की बात करने वाली सरकार ने अपना कार्यकाल शुरू होते ही 1000 से ज्यादा ऐसी संस्थाएं बंद कर दीं, जो लोगों की समस्याएं सुनने और उनके दुख-दर्द बांटने का काम करती थीं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बर्थडे के दिन घर से कुछ दूर मर्चेंट नेवी जवान को वाहन ने रौंदा, गर्भवती पत्नी का उजड़ा संसार

आनी में स्कूल, अस्पताल और कार्यालय तक कर दिए बंद

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने आनी विधानसभा क्षेत्र में कई स्कूल, अस्पताल और सरकारी कार्यालय बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि आनी में आधा दर्जन से ज्यादा पशु अस्पताल भी बंद कर दिए गए। इन अस्पतालों को खोलने का मकसद क्षेत्र में पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा देना था, क्योंकि आनी इस क्षेत्र में हिमाचल के अग्रणी इलाकों में शामिल है। उन्होंने कहा कि जब क्षेत्र में पशुओं की संख्या ज्यादा है तो उनके इलाज के लिए अस्पतालों की जरूरत भी है, लेकिन मुख्यमंत्री ने बेजुबान पशुओं की परेशानी को भी नहीं समझा।

हम अपने लोगों की परेशानी और दुख-दर्द समझते हैं

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने लोगों की तकलीफ कम करने से बड़ा सुख कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि वे इन्हीं पहाड़ी इलाकों में पैदा हुए और यहीं पले-बढ़े हैं। जीवन में कई बार मुश्किलों का सामना किया, गिरे और फिर उठकर खड़े हुए। इसलिए वे अपने लोगों की परेशानियों और उनकी जरूरतों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद से वादा किया था कि जब भी उन्हें मौका मिलेगा, वे लोगों की मुश्किलें कम करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।

 

यह भी पढ़ें : घर दिवाली मनाकर ड्यूटी पर जा रहे हिमाचल के 22 वर्षीय युवक को फॉर्च्यूनर ने रौंदा, थमी सांसें

कोविड के बावजूद सड़कों के निर्माण के रिकॉर्ड तोड़े

जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल में सड़क निर्माण के क्षेत्र में कई रिकॉर्ड बनाए। कोरोना महामारी जैसी मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद सड़कों का काम तेजी से करवाया गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जो रिकॉर्ड बनाए हैं, उन्हें तोड़ना आसान नहीं होगा।

हर काम का श्रेय खुद लेने में लगे रहते हैं मुख्यमंत्री : जयराम

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर हर काम का श्रेय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चाहे बीबीएमबी का मामला हो या वाइल्डफ्लावर हॉल का, मुख्यमंत्री हर जीत का श्रेय खुद लेना चाहते हैं। जयराम ने कहा कि बीबीएमबी के मामले में अंतिम जीत साल 2011 में प्रेम कुमार धूमल की सरकार के दौरान ही मिल गई थी। वहीं, वाइल्डफ्लावर हॉल के मामले में जीत अक्टूबर 2022 में हुई थी, जबकि सुखविंदर सिंह सुक्खू इसके करीब दो महीने बाद मुख्यमंत्री बने थे।

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख