धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमान को लेकर मंत्री की टिप्पणी के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। सदन में शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक पहुंच गया है।
भाजपा ने मंत्री के बयान को भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम से जोड़ते हुए सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के मंत्री ने सैन्य अभियान को लेकर बेहद गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी की है। पार्टी ने जगत सिंह नेगी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई है। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी इस मामले में अपनी सरकार का रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी गई है।
यह भी पढ़ें : सेना के अपमान पर सदन में जोरदार हंगामा: मंत्री नेगी के खिलाफ BJP ने वेल में की नारेबाजी; किया वॉकआउट
विधानसभा में किस बात पर मचा बवाल
दरअसल, बुधवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान नियम-67 के तहत भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमान सौदे की कीमतों को लेकर सवाल उठाए। भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में मंत्री कहते हुए दिख रहे हैं-
"700 करोड़ का जहाज खरीदना था, राफेल नाम का, लेकिन आपने उसे 2300 करोड़ में खरीदा। वहां भ्रष्टाचार हुआ। वो क्या कोई चांदी और सोने का जेट था, जो 700 करोड़ के जेट को आपने 2300 करोड़ में खरीदा और क्या उस राफेल ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए। आप बताओ तो सही कहां छुड़ाए।"
अपने छक्के उल्टे छूट गए।" मंत्री के इसी बयान को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई है और इसे भारतीय सेना के पराक्रम से जोड़ते हुए कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है।
'ऑपरेशन सिंदूर पर दिए बयान पर भाजपा का तीखा हमला
भाजपा ने मंत्री के बयान के उस हिस्से पर विशेष रूप से आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल विमानों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने की बात कहां हुई। भाजपा का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणी से भारतीय सेना की कार्रवाई और उसके पराक्रम पर अनावश्यक सवाल खड़े होते हैं। हिमाचल भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर मंत्री के बयान का वीडियो साझा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता राजनीतिक विरोध में देश की सुरक्षा और सेना के सम्मान से जुड़े विषयों पर भी मर्यादा भूल रहे हैं।
यह भी पढ़ें : विधानसभा के अंदर भाजपा- बाहर महिलाओं का प्रदर्शन, सुक्खू सरकार से मांगे चार साल के 72 हजार रुपए
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू को घेरा
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस विवाद को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री से सीधा सवाल किया कि क्या वह अपने मंत्री की ओर से विधानसभा में ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना को लेकर दिए गए बयान का समर्थन करते हैं? जयराम ठाकुर ने मंत्री की टिप्पणी को शर्मनाक और निंदनीय करार देते हुए सार्वजनिक माफी की मांग उठाई। भाजपा का कहना है कि देश की सेना के शौर्य और बलिदान से जुड़े मुद्दों पर किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि को सोच-समझकर बयान देना चाहिए।
राफेल सौदे के आंकड़ों पर उठाए सवाल
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने भी जगत सिंह नेगी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के एक जिम्मेदार मंत्री की ओर से भारतीय वायुसेना की क्षमता और सैन्य अभियान को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। महाजन ने राफेल विमान की कीमत को लेकर मंत्री की ओर से पेश किए गए 700 करोड़ और 2300 करोड़ रुपये के आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि मंत्री के पास रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार से संबंधित कोई ठोस प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि रक्षा सौदों की कीमत का आकलन करते समय केवल विमान की मूल कीमत नहीं, बल्कि हथियार प्रणालियों, प्रशिक्षण, रखरखाव और तकनीकी सहायता जैसी व्यवस्थाओं को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
यह भी पढ़ें : पैसे दो तो काम हो जाएगा.... हिमाचल में विजिलेंस ने 20 हजार रुपए लेते धरा रिश्वतखोर पुलिस सब इंस्पेक्टर
भाजपा का हमला, सेना के सम्मान से ऊपर नहीं हो सकती राजनीति
हिमाचल भाजपा ने अपने बयान में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई कर अपना पराक्रम दिखाया था। पार्टी ने सवाल उठाया कि जब देश की सेना की उपलब्धियों पर पूरा देश गर्व कर रहा था, तब कांग्रेस के नेता इस तरह की टिप्पणियां क्यों कर रहे हैं? भाजपा ने इसे राजनीतिक विरोध की सीमाओं से जोड़ते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के सम्मान जैसे विषयों को दलगत राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। भाजपा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने 21 चिट्टा तस्कर पुलिसवालों को नौकरी से निकाला... 98 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त
माफी की मांग पर अड़ी भाजपा
फिलहाल ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जगत सिंह नेगी का बयान हिमाचल प्रदेश की राजनीति में गरमागरम बहस का विषय बना हुआ है। भाजपा इस मुद्दे पर पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रही है और मंत्री के साथ-साथ मुख्यमंत्री सुक्खू से भी जवाब मांग रही है। विपक्ष की मांग है कि जगत सिंह नेगी अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और कांग्रेस नेतृत्व भी अपनी स्थिति स्पष्ट करे। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या सरकार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आता है।
