गगल (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर इन दिनों प्रदेश और देश की राजनीति में हमलावर रुख अपनाए हुए हैं। आज मंगलवार को अनुराग ठाकुर कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर अनुराग ठाकुर ने जहां प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिक हालत सरकार की गलत नीतियों और मिसमैनेजमेंट का परिणाम है।
सांसद ने आरोप लगाया कि विकास कार्य ठप पड़े हैं और बुनियादी ढांचे के लिए उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग नहीं हो पा रहा। इतना ही नहीं अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में हुए इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में हंगामे को लेकर राहुल गांधी पर देश विरोधी ताकतों के साथ मिलीभगत का बड़ा आरोप लगाया। अनुराग ठाकुर आज मंगलवार को कांगड़ा जिला के शापहुर ग्राउंड में युवा वालीबॉल चैंपियनशिप और हॉफ मैराथन 2026 के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: आर्थिक संकट के बीच सुक्खू सरकार जुटाएगी 3 हजार करोड़ का अतिरिक्त राजस्व, जानें क्या है प्लान
सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर हुई फेल
मंगलवार सुबह गगल एयरपोर्ट पर अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल साबित हुई है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य में सड़कें, एयरपोर्ट, रेलवे लाइन, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों का काम ठप पड़ा है। केंद्र से मिलने वाले लोन और इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रांट का सही इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि हिमाचल सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पैसा इसलिए नहीं है क्योंकि वह फिजूलखर्ची और पुराने खर्चों के बोझ तले दब चुकी है।
कांग्रेस की पॉलिटिक्स रोक रही विकास
सांसद ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार हिमाचल की मदद के लिए तैयार है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह तेलंगाना की विकास में मदद की गई, वैसे ही हिमाचल को भी समर्थन दिया जा सकता है। लेकिन, राज्य सरकार की 'ईगो' (अहंकार) और "पॉलिटिक्स" विकास के आड़े आ रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में राशन का 'महाघोटाला' बेनकाब: 2 लाख फर्जी कार्ड रद्द, गरीबों के निवाले पर रईसों का डाका!
राहुल के नाम का बताया मतलब
उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी राजनीति अब टकराव और विरोध तक सीमित रह गई है। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के नाम पर भी व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। ठाकुर ने राहुल के नाम की फूल फार्म बताते हुए कहा कि रा से "रार", हु से "हुड़दंग" और ल से "लफंगई"। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता को जिस गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए, वैसा आचरण देखने को नहीं मिल रहा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: जड़ी-बूटियों की तलाश में जंगल गया शख्स नहीं लौटा- सुबह 150 फुट गहरी खाई में मिली देह
देश की छवि को पहुंचाया नुकसान
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत इस समय वैश्विक मंचों पर मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है, लेकिन ऐसे समय में देश की उपलब्धियों को कमतर बताना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के बयान अक्सर ऐसे होते हैं, जो देश की सकारात्मक छवि को धूमिल करते हैं। ठाकुर के अनुसार विपक्ष का काम आलोचना करना है, लेकिन आलोचना और नकारात्मकता में फर्क होता है।
यह भी पढ़ें :हिमाचल में फिर होगी बारिश-बर्फबारी, 48 घंटे जमकर बरसेंगे बादल- जानें मौसम अपडेट
माफी मांगें राहुल गांधी
अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन देश की संस्थाओं और जनता के प्रति सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से अपने बयानों और राजनीतिक व्यवहार पर आत्ममंथन करने की अपील की और कहा कि यदि किसी टिप्पणी से देश की छवि प्रभावित हुई है, तो सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए।
