नाहन। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का बिगुल बजते ही गांव-गांव में सियासी हलचल तेज हो गई है। कई स्थानों पर एक-एक सीट के लिए परिवारों के सदस्य तक आमने-सामने आ गए हैं] जिससे चुनावी माहौल गरमा गया है। लेकिन इसी बीच कुछ पंचायतें ऐसी भी हैं] जहां लोगों ने आपसी भाईचारे और एकता की मिसाल कायम करते हुए बिना किसी मुकाबले के सर्वसम्मति से अपने जनप्रतिनिधि चुन लिए हैं। जिला सिरमौर की दाड़ो देवरिया पंचायत इसी की एक शानदार मिसाल बनकर उभरी है।
सर्वसम्मति से चुनी गई पूरी पंचायत
शिलाई क्षेत्र की टटियाण पंचायत के बाद अब पच्छाद क्षेत्र की दाड़ो देवरिया पंचायत में भी ग्रामीणों ने आपसी सहमति से पूरी कार्यकारिणी का चुनाव कर लिया है। पंचायत के लोगों ने बैठकों और विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया कि चुनावी प्रतिस्पर्धा के बजाय एकजुट होकर पंचायत का गठन किया जाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां चिंतपूर्णी के चमत्कार से निहाल हुआ पंजाब का भक्त, मन्नत पूरी होने पर चढ़ाई 5 किलो चांदी
बैठक में लिया गया फैसला
इस निर्णय के लिए पंचायत स्तर पर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूर्व प्रधान गीता देवी, पूर्व उपप्रधान नरेंद्र सिंह और संदीप चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। चर्चा के दौरान सभी ने एकमत होकर सहमति बनाई और पंचायत के सभी पदों पर निर्विरोध प्रतिनिधियों का चयन कर लिया।
ये बने पंचायत के प्रतिनिधि
आपसी सहमति से सुमन कुमारी को प्रधान, सुरजीत सिंह को उपप्रधान चुना गया। इसके अलावा विभिन्न वार्डों से रीता देवी, रविंदर, रोहित, राधा देवी और सुनीता देवी को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह भी पढ़ें : 'जीते तो लोकतंत्र - हार में EVM हैक'; सुक्खू के बयान पर बोले जयराम, हारने का गम मिटाने को ढूंढ रहे बहाने
भाईचारे की अनोखी मिसाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत के विकास के लिए आपसी एकता और सहयोग जरूरी है। चुनावी प्रतिस्पर्धा के बजाय सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुनने से गांव में सौहार्द बना रहता है और विकास कार्यों में भी तेजी आती है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : सड़क पर खड़ी मशीन से टकराई तेज रफ्तार कार, उड़े परखच्चे- 3 युवकों की मौ*त
सिरमौर का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
सिरमौर जिला निर्विरोध पंचायतें चुनने के मामले में हमेशा से अग्रणी रहा है। साल 2021 के चुनावों में भी यहां की 33 पंचायतें सर्वसम्मति से चुनी गई थीं, जो पूरे प्रदेश में एक रिकॉर्ड था। स्थानीय निवासी सुभाष ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों के इस फैसले की जानकारी जल्द ही खंड विकास अधिकारी पच्छाद को दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : सड़क किनारे खेल रही थी 4 साल की मासूम, सामने से आई कार ने मारी टक्कर- तोड़ा दम
फिलहाल, जिला की कई अन्य पंचायतों में भी नामांकन प्रक्रिया से पहले आपसी सहमति बनाने के लिए बैठकों का दौर जारी है। यह पहल न केवल चुनावी खर्च को बचाती है, बल्कि गांव में विकास की नई इबारत लिखने के लिए एकजुटता का संदेश भी देती है।
