#हादसा
May 5, 2026
हिमाचल : सड़क किनारे खेल रही थी 4 साल की मासूम, सामने से आई कार ने मारी टक्कर- तोड़ा दम
बच्ची के मां-बाप व अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं।
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कोटखाई क्षेत्र बाघी-कैंची के पास हुए इस हादसे में करीब 4 साल की मासूम बच्ची की वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक गुजरती गाड़ी की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने भागकर बच्ची को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतक बच्ची नेपाली मूल की थी और अपने परिवार के साथ कोटखाई क्षेत्र में रह रही थी।
हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं आसपास के लोग भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं। गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस हादसे को लेकर दुख व्यक्त कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, संबंधित वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही शामिल थी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग उठाई है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण, चेतावनी संकेतक और स्पीड ब्रेकर जैसी सुविधाएं जरूरी हैं- ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।