#विविध
May 1, 2026
हिमाचल में टूटा ग्लेशियर: चंद सेकेंड में सड़क पर आ गिरा, नीचे काम कर रहे थे मजदूर
अचानक पहाड़ी से सुनाई दी जोरदार आवाजें
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुई भारी बर्फबारी के कारण कई दिनों से सड़कें बंद पड़ी थीं। इन्हें दोबारा चालू करने के लिए PWD के कर्मचारी लगातार सड़क बहाली के काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक एक ग्लेशियर टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बता दें कि जिला चंबा के चुराह इलाके में बीते कल वीरवार को एक बड़ा ग्लेशियर टूटकर सड़क पर आ गिरा। यह वही सड़क है जो चंबा को पांगी घाटी से जोड़ती है। उस समय लोक निर्माण विभाग (PWD) के कर्मचारी और मजदूर सड़क को बहाल करने के काम में लगे हुए थे, क्योंकि पिछले कई दिनों से भारी बर्फबारी के कारण यह रास्ता बंद पड़ा था।
काम के दौरान अचानक पहाड़ी से जोरदार आवाजें आने लगीं। जैसे ही कर्मचारियों और मजदूरों को आशंका हुई कि ऊपर से ग्लेशियर टूट रहा है, वे तुरंत सब कुछ छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि ग्लेशियर को पहाड़ी से सड़क तक पहुंचने में करीब 50 से 70 सेकंड का समय लगा, और इतने कम समय में सभी लोग वहां से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे। अगर थोड़ी भी देर हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था और जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।
ग्लेशियर के सड़क पर आने से वहां काम कर रही कुछ मशीनों को हल्का नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर फिलहाल सड़क बहाली का काम रोक दिया गया है। दरअसल, चंबा और पांगी को जोड़ने वाली यह सड़क हर साल सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण करीब 3 से 4 महीने तक बंद रहती है।
सर्दियां खत्म होने के बाद PWD के कर्मचारी और मजदूर कड़ी मेहनत करके बर्फ हटाते हैं और रास्ता फिर से चालू करने की कोशिश करते हैं। लेकिन यह इलाका बेहद दुर्गम है और यहां अक्सर ग्लेशियर गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे काम करना काफी जोखिम भरा हो जाता है।