मंडी। हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंडी में संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या 8 हो गई है। इसी बीच संक्रमण की चपेट में आए 70 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर परिवार की जांच की।

कैंसर से पीड़ित थे बुजुर्ग

मृतक की पहचान सुंदरनगर के डडयाल गांव निवासी महेंद्र के रूप में हुई है। वह पहले से कैंसर से पीड़ित थे। जानकारी के अनुसार, वह 11 अगस्त को कीमोथेरेपी के लिए चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल गए थे।

 

यह भी पढ़ें : पिता नहीं रहे तो मां बनी सहारा, रीटा ने मेहनत के दम पर पास की UGC NET-JRF परीक्षा

 

इलाज के दौरान उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता काफी कमजोर थी। इसी बीच वह H1N1 संक्रमण की चपेट में आ गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को परिजनों ने गांव में उनका अंतिम संस्कार किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को स्वाइन फ्लू से मौत की सूचना मिली।

स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव

मौत की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम डडयाल गांव पहुंची। टीम ने मृतक के परिवार के सदस्यों की थर्मल स्क्रीनिंग की और उन्हें संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बताईं। स्वाइन फ्लू से मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है।

 

यह भी पढ़ें : आउटसोर्स कर्मियों के आएंगे अच्छे दिन! CM सुक्खू लाने जा रहे ठोस नीति, लॉटरी को बताया भाग्य

सामान्य वायरल समझकर न करें नजरअंदाज

स्वाइन फ्लू के लक्षण शुरुआत में सामान्य वायरल बुखार जैसे ही दिखाई दे सकते हैं। इनमें तेज बुखार, खांसी, बलगम, शरीर में दर्द, कमजोरी, ठंड लगना और कंपकंपी शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 231 करोड़ का फ्रॉड- मृत व्यक्ति के नाम पर लिया GST नंबर, बनाए फर्जी बिल

 

इसके अलावा लगातार छींक आना, तेज सिरदर्द, सीने में भारीपन और सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर इसे केवल सामान्य वायरल मानकर नजरअंदाज करने के बजाय समय पर डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

इन लोगों को ज्यादा सावधानी की जरूरत

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग संक्रमण को लेकर अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भी फ्लू जैसे लक्षण होने पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें