#विविध
November 24, 2026
संविधान के सामने सुरेंद्र और हेमलता ने एक दूसरे का थामा हाथ पेश की मिसाल

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में जब दो भाईयों ने एक ही लड़की से शादी रचाई थी तो उसकी चर्चा हिमाचल से लेकर पूरे देश में हुई थी। अब उसी सिरमौर जिला में एक और अनोखी शादी की खबर सामने आई है। यह शादी सामाजिक बदलाव और प्रगतिशील सोच की एक अनूठी पहल बनकर सामने आई है। शिलाई क्षेत्र के कफोटा स्थित धाड़मा गांव निवासी पेशे से अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह धर्मा ने भारतीय संविधान को साक्षी मानकर विवाह कर समाज में एक नई मिसाल पेश की है।
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर एडवोकेट सुरेंद्र सिंह धर्मा ने पारंपरिक ब्रह्म विवाह और कर्मकांडों के बजाय जिला शिमला की तहसील कुफवी के टंडाई निवासी कुमारी हेमलता के साथ संविधान को साक्षी मानकर शादी की। इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि वर-वधू ने शादी के लिए किसी ज्योतिषी से शुभ मुहूर्त नहीं निकलवाया। दोनों ने अपनी इच्छा और आपसी सहमति से छुट्टी का दिन चुना और उसी दिन जीवन भर साथ निभाने का निर्णय लिया।

यह भी पढ़ें : अपने गृह जिला में शक्ति प्रदर्शन करेंगे CM सुक्खू, क्या खत्म होगा सुंदर ठाकुर का इंतजार? जानें सबकुछ
विवाह समारोह के दौरान वर और वधू ने भारतीय संविधान को साक्षी मानकर एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया और मिलकर वैवाहिक जीवन निभाने की शपथ ली। सामाजिक सुधार के कार्यों में सक्रिय रहने वाले सुरेंद्र सिंह धर्मा का मानना है कि विवाह दो व्यक्तियों और परिवारों का मिलन है, जिसके लिए किसी विशेष मुहूर्त, पारंपरिक कर्मकांड या अनावश्यक आडंबर को अनिवार्य नहीं माना जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : घर में कपड़े धोती रह गई महिला... चोर अलमारी से 4.20 लाख के गहने-नगदी लेकर हो गए फरार
इस अनूठी शादी में आधुनिक विचारों के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति का भी सम्मान किया गया। समारोह में बाकायदा बारात निकाली गई और मामा स्वागत सहित अन्य पारंपरिक कार्यक्रम भी संपन्न हुए, जिसमें दोनों परिवारों का पूरा समर्थन रहा। गांव के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर नवदंपती को सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सुनील कुमार और विनोद आजाद ने कहा कि वे युवाओं को रूढ़ियों से आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।