राजनीति

#विविध

November 28, 2026

अंदरूनी विरोध दरकिनार कर नए जिले बनाने में जुटी सुक्खू सरकार, सीएम ने आयोग को सौंपा बड़ा काम

सीएम सुक्खू ने आयोग के साथ की बैठक, एसओपी तैयार करने के दिए निर्देश

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

CM Sukhu meeting

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नए जिले बनाने और मौजूदा प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की चर्चाओं के बीच सुक्खू सरकार ने इस दिशा में कवायद तेज कर दी है। प्रदेश में नए जिलों के गठन की संभावनाओं को लेकर सरकार की ओर से गठित आयोग ने काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को आयोग के साथ बैठक कर पुनर्गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों, जनसंख्या और लोगों की प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य की व्यवस्था तय की जाए।

कांग्रेस के तीन बड़े नेता जता चुके हैं आपत्ति

हालांकि नए जिलों के गठन का रास्ता इतना आसान नजर नहीं आ रहा है। सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर ही इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आ रही है। नगरोटा बगवां के विधायक एवं पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली कांगड़ा जिले के विभाजन के पक्ष में नहीं हैं। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी शिमला जिले की मौजूदा पहचान बरकरार रखने की बात कह चुके हैं। वहीं कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने भी नए जिले बनाने की जरूरत और इससे बढ़ने वाले प्रशासनिक खर्च पर सवाल उठाए हैं। ऐसे में सरकार के सामने प्रशासनिक जरूरतों के साथ-साथ क्षेत्रीय और राजनीतिक मतभेदों को भी ध्यान में रखने की चुनौती होगी।

 

यह भी पढ़ें : 3.50 लाख नहीं... सुक्खू सरकार अब 2.65 लाख महिलाओं को ही देगी 1500, योजना से बाहर हुई 85 हजार

सीएम ने दिए प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए गठित आयोग के साथ बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान आयोग के कामकाज और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी तरह का पुनर्गठन करने से पहले मानक संचालन प्रक्रिया यानी एसओपी तैयार की जाए। इसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि नए जिले, उपमंडल, तहसील या अन्य प्रशासनिक इकाइयों के गठन अथवा बदलाव पर विचार किन आधारों पर किया जाएगा।

जनता और जिला प्रशासन की राय से तय होगी आगे की दिशा

मुख्यमंत्री ने आयोग को आम लोगों और जिला प्रशासन से सुझाव लेने के निर्देश भी दिए हैं। सरकार चाहती है कि किसी क्षेत्र को नई प्रशासनिक पहचान देने या मौजूदा व्यवस्था में बदलाव करने से पहले वहां के लोगों की जरूरतों और व्यावहारिक समस्याओं को समझा जाए। स्थानीय जनता की सरकारी कार्यालयों तक पहुंच, दूरी, भौगोलिक परिस्थितियां और प्रशासनिक कामकाज की सहूलियत जैसे पहलुओं को भी इस प्रक्रिया में महत्व दिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें :  झाड़ियों में मिली लापता सतीश की देह, 24 घंटे से था गायब- सदमे में पूरा परिवार

जनसंख्या से लेकर पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों तक का होगा आकलन

आयोग को प्रदेश की जनसांख्यिकी और भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखकर सिफारिशें तैयार करनी हैं। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में कई क्षेत्रों से जिला मुख्यालय तक पहुंचने में लंबा समय लगता है। ऐसे में प्रशासनिक सुविधाओं को लोगों के करीब लाने की जरूरत और मौजूदा व्यवस्था की कार्यक्षमता का आकलन किया जाएगा। आयोग जिलों के साथ-साथ उपमंडलों, तहसीलों, उपतहसीलों और विकास खंडों की मौजूदा स्थिति की भी समीक्षा करेगा।

छह महीने में सरकार को सौंपनी है रिपोर्ट

सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी की अध्यक्षता में गठित आयोग को छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है। आयोग यह देखेगा कि कहां नई प्रशासनिक इकाइयों की जरूरत है और कहां मौजूदा इकाइयों का विलय, विभाजन या पुनर्गठन किया जा सकता है। नई इकाइयां बनाने की स्थिति में कार्यालयों, भवनों, कर्मचारियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर होने वाले खर्च का आकलन भी किया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार सिफारिशों का अध्ययन कर आगे का निर्णय लेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बूढ़ी मां ने पति के बाद खोया फौजी बेटा, 3 मासूम बच्चों के सिर से भी उठा पिता का साया

आरएस बाली कांगड़ा के बंटवारे के पक्ष में नहीं

नए जिलों की चर्चा के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली कांगड़ा जिले को बांटने के प्रस्ताव पर असहमति जता चुके हैं। उनका कहना है कि कांगड़ा की अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक पहचान है, जिसे विभाजित नहीं किया जाना चाहिए। कांगड़ा प्रदेश का बड़ा जिला है और यहां अलग-अलग क्षेत्रों से नए जिले बनाने की मांग भी उठती रही है। ऐसे में जिले के संभावित विभाजन को लेकर राजनीतिक और क्षेत्रीय स्तर पर बहस जारी है।

विक्रमादित्य सिंह ने भी शिमला जिले के विभाजन पर जताई आपत्ति

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी शिमला जिले को बांटकर नया जिला बनाने के विचार पर अपनी असहमति जाहिर की है। उनका कहना है कि शिमला जिले की मौजूदा पहचान बरकरार रहनी चाहिए। उन्होंने प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए नए उपमंडल और कार्यालय बनाने जैसे विकल्पों पर विचार करने की बात कही है। उनका तर्क है कि किसी जिले का विभाजन करने से पहले पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सड़क संपर्क और प्रशासनिक जरूरतों का समुचित आकलन जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सिख युवक-युवती को नहीं देने दी पटवारी परीक्षा, कड़ा उतारने को कहा- पंजाब तक बवाल

मंत्री चंद्र कुमार ने खर्च और जनगणना का उठाया मुद्दा

कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने भी मौजूदा परिस्थितियों में नए जिले बनाने को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नए जिले बनने से अलग उपायुक्त कार्यालय, कर्मचारियों और अन्य प्रशासनिक ढांचे की व्यवस्था करनी होगी, जिससे सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और विकास कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने जनगणना पूरी होने के बाद जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर प्रशासनिक जरूरतों का आकलन करने की बात कही है। उनका सुझाव है कि आयोग की रिपोर्ट आने और जरूरी आंकड़े उपलब्ध होने के बाद ही इस विषय पर आगे विचार किया जाए।

आयोग के अध्यक्ष और सदस्य बैठक में रहे मौजूद

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी, सदस्य विशाल पंवर और राजेश शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव हरबंस सिंह ब्रेसकान तथा निदेशक भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त तोरुल एस रवीश भी बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग को आयोग के सुचारू कामकाज के लिए आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख