शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग दर्रा, कुंजुम दर्रा और बारालाचा में ताजा हिमपात दर्ज किया गया, जबकि राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बारिश हुई। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हुई वर्षा के चलते मौसम सुहावना हो गया है और पहाड़ों पर ठंडक बढ़ गई है।

24 घंटे में हुई भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में व्यापक वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 34 मिलीमीटर बारिश शिमला जिले के सराहन में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कल्पा में 26 मिलीमीटर, शिमला में 13 मिलीमीटर तथा धर्मशाला और कुफरी में 12-12 मिलीमीटर वर्षा हुई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गो.लीकांड कर इटली भाग रहा था 22 वर्षीय युवक, पुलिस ने घर से किया गिरफ्तार

कई इलाकों में बढ़ा तापमान

बारिश और हिमपात के बीच प्रदेश के दिन के तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान में वृद्धि के बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से दो से 8.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे बना हुआ है। चंबा में अधिकतम तापमान सामान्य से 8.7 डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि कांगड़ा में 6.3, कल्पा में 4.5 और नाहन में चार डिग्री की कमी रिकॉर्ड की गई।

यह भी पढ़ें- MNC की नौकरी छोड़ हिमाचल आई अंकिता, जीता जिला परिषद चुनाव- मिले 10,939 वोट

4 जून को फिर बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 6 जून तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहेगा। विभाग ने 4 और 5 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी और व्यापक वर्षा की चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में अगले 6 दिन लगातार बारिश...कई जिलों में अलर्ट, आंधी-तूफान के साथ होगी ओलावृष्टि

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि सोलन में पांच डिग्री दर्ज की गई। वहीं धर्मशाला, ऊना और नाहन में करीब 3.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में बारिश और बादलों की गतिविधियां जारी रहने से प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम ठंडा बना रहेगा।

 5 जून तक भारी बारिश का खतरा

मौसम विभाग ने 4 और 5 जून के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और आंधी की भी संभावना बनी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बढ़ी ठंड

रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा में ताजा बर्फबारी के बाद लाहौल-स्पीति और आसपास के क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ गया है। पर्यटन स्थलों पर पहुंचे लोगों को भी ठंड से राहत के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें