सिरमौर। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ अब कार्रवाई तेज हो गई है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों पर विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही को रोका जा सके।

RTO सोना चंदेल ने की बड़ी कार्रवाई

इसी कड़ी में शुक्रवार को पांवटा साहिब क्षेत्र में परिवहन विभाग की ओर से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई RTO सिरमौर सोना चंदेल के नेतृत्व में की गई। अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर दस्तावेजों, फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 4 साल की मासूम का अपहरण...पिता संग स्कूल से जा रही थी घर, बाइक सवार युवकों ने उठाया

12 गाड़ियों का किया चालान

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए करीब 12 वाहनों के चालान किए गए। इन वाहनों पर कुल 4,47,500 रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक मौके से ही दस्तावेज दुरुस्त करवाने की कोशिश करते नजर आए।

निजी वाहनों का काटा चालान

जांच के दौरान एक निजी वाहन को स्कूली बच्चों को ले जाते हुए रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन संबंधित नियमों का पालन नहीं कर रहा था और आवश्यक दस्तावेज भी पूर्ण नहीं थे। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए वाहन को तुरंत जब्त कर पुलिस थाना माजरा में इम्पाउंड कर दिया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मौसी के घर पढ़ने आई थी मासूम, सगे मौसा ने ही फेरी गंदी नजर; की नीचता- हुआ अरेस्ट

स्कूल बस इम्पाउंड

इसके अलावा एक स्कूल बस भी बिना फिटनेस प्रमाण पत्र और वैध परमिट के संचालित होती पाई गई। विभाग ने इसे बच्चों की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ मानते हुए मौके पर ही इम्पाउंड कर दिया। वहीं दो टिप्पर भी नियमों की अनदेखी करते पाए गए, जिन्हें पुलिस चौकी बांगरण में खड़ा करवाया गया है।

पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई

यह पहली बार नहीं है जब विभाग ने सख्ती दिखाई हो। इससे पहले 19 फरवरी, 2026 को भी विशेष अभियान चलाया गया था। उस दौरान 20 से 22 वाहनों के चालान किए गए थे और लगभग 14,50,000 रुपये का राजस्व प्रस्तावित किया गया था।

यह भी पढ़ें : बुरी फंसी SDM ओशीन- ब्रांड प्रमोशन मामले में जांच के निर्देश, मैडम ने सोशल मीडिया से हटाया वीडियो

मैडम ने दिखाई सख्ती

उस कार्रवाई में 12 वाहन ऐसे पाए गए थे जो बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे थे। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए संबंधित मामलों को पंजीकरण प्राधिकरण को भेज दिया गया। इन वाहनों के पंजीकरण रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे मामलों में सीधे रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाएगा।

सड़क सुरक्षा से नहीं होगा समझौता

RTO सोना चंदेल ने दोहराया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना नंबर प्लेट, बिना फिटनेस, बिना परमिट और ओवरलोडिंग जैसे मामलों में विभाग पूरी सख्ती बरतेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से कर रहा था चिट्टे का धंधा, 10 दिन पहले ही जेल से छूटा था - फिर हुआ अरेस्ट

स्कूल वाहनों पर पैनी नजर

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहनों पर विभाग की पैनी नजर रहेगी। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी व त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

 

परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। उद्देश्य साफ है-सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित हादसे को पहले ही रोकना।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें