#अपराध
February 27, 2026
हिमाचल: घर से कर रहा था चिट्टे का धंधा, 10 दिन पहले ही जेल से छूटा था - फिर हुआ अरेस्ट
कुहादड़ा गांव में पुलिस की दबिश, 6.62 ग्राम हेरोइन बरामद
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में कोई क्षेत्र ऐसा नहीं जहां नशे ने युवाओं को कुचल कर ना रख दिया हो। कुछ परिवार को बर्बाद कर चुके हैं। तो कुछ नशे के दलदल में उतरकर खुद को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बड़ी बात ये है कि बार-बार मौके मिलने के बावजूद ये कुछ नशा तस्कर सुधरने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। बिलासपुर से सामने आया ताजा मामला बताता है कि कैसे जेल से छूटने के बाद भी नशे का कारोबार थम नहीं रहा।
बिलासपुर जिले के भराड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुहादड़ा गांव में पुलिस ने 6.62 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार भराड़ी थाने की पुलिस टीम गश्त के दौरान लहरिसरेल की ओर जा रही थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुहादड़ा में एक व्यक्ति अपने घर से चिट्टा बेचने का काम कर रहा है।
यह भी पढ़े : हिमाचल में रिटायरमेंट के बाद कानूनगो को मिली प्रमोशन - बनाया नायब तहसीलदार, उठ रहे सवाल
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.62 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया और मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी चिट्टा तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि वह महज 10 दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था। इसके बावजूद वह दोबारा इसी अवैध धंधे में सक्रिय हो गया।
यह भी पढ़े : हिमाचल : माता के मंदिर जा रहा था शख्स, काल बनकर कार के सामने आई नीलगाय- खाई में जा गिरी
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जेल से बाहर आने के बाद उसे नशे की खेप कहां से और किसके माध्यम से मिली। सप्लाई चेन और संभावित साथियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है।