#विविध
November 24, 2026
शिमला में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की

शिमला। हिमाचल प्रदेश में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की एक टिप्पणी ने सियासी माहौल गरमा दिया है। भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विधानसभा में दिए गए उनके कथित बयान पर भाजपा लगातार हमलावर है। अब यह मामला सदन से निकलकर सड़कों तक पहुंच गया है।
मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शिमला और ऊना में जोरदार प्रदर्शन किया। शिमला में प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के कपड़े तक फट गए। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए। वहीं, युवा मोर्चा ने साफ कहा कि जब तक मंत्री अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : हरियाणा में HRTC चालक-परिचालक से मा**रपीट, ढाबे पर हुआ विवाद- पुलिस पर FIR न करने का आरोप
दूसरी ओर ऊना में भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का पुतला फूंका। इस मामले को लेकर विधानसभा में भी भाजपा ने कड़ा विरोध जताया था। भाजपा की मांग है कि मंत्री सदन में माफी मांगें और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाया जाए। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंत्री का बचाव किया। विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड की जांच करवाने और आपत्तिजनक शब्दों को हटाने का आश्वासन दिया है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत 18 नवंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हुई थी। उस दिन सदन में नियम-67 के तहत चर्चा चल रही थी। इसमें पिछली और मौजूदा सरकारों के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया गया था। इसी चर्चा के दौरान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया था। उन्होंने राफेल विमानों की कीमतों को लेकर सवाल उठाए थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नए नियमों से चलेगी HIMCARE: कई परिवार होंगे बाहर, आदित्य बिड़ला कंपनी संग करार
मंत्री जगत सिंह नेगी ने सदन में सवाल किया था कि जिन राफेल विमानों की कीमत पहले करीब 700 करोड़ रुपये बताई जा रही थी, उनकी कीमत बढ़कर करीब 2,300 करोड़ रुपये कैसे हो गई? उन्होंने इसी मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार की रक्षा खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। इसी चर्चा के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के साथ हुए सैन्य टकराव और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया, जिसके बाद उनका बयान विवादों में आ गया।
भाजपा का आरोप है कि जगत सिंह नेगी ने अपने बयान में ऐसा कहा, जिससे लगा कि पाकिस्तान ने भारतीय सेना के छक्के छुड़ा दिए। भाजपा ने इसे भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का अपमान बताया है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि मंत्री भारतीय सेना की आलोचना नहीं कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : हरियाणा में HRTC चालक-परिचालक से मा**रपीट, ढाबे पर हुआ विवाद- पुलिस पर FIR न करने का आरोप
वह केंद्र सरकार की रक्षा नीति, राफेल सौदे और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों पर सवाल उठा रहे थे। दूसरी तरफ, मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।