शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित कमला नेहरू अस्पताल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने अस्पताल की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और डॉक्टरों की मेहनत को उजागर किया है। पहली बार नेपाल से एक गर्भवती महिला को इलाज के लिए कमला नेहरू अस्पताल रेफर किया गया।

गंभीर बीमारी के कारण बड़े अस्पताल की पड़ी जरूरत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल निवासी 37 वर्षीय गर्भवती महिला लक्ष्मी शाही को गर्भावस्था के दौरान एक्लेम्पसिया बीमारी हो गई थी। इस बीमारी में गर्भवती महिला और बच्चे दोनों को खतरा हो सकता है, इसलिए महिला को बेहतर इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत थी। महिला का इलाज पहले नेपाल गंज अस्पताल में चल रहा था, लेकिन वहां से परिजनों को बड़े अस्पताल में उपचार करवाने की सलाह दी गई।

 

यह भी पढ़ें :हिमाचल : टूटी पाइप लाइन ठीक करने गया था पंप ऑपरेटर: फिसला पैर, खाई में गिरने से मौ*त

नेपाल से किया शिमला रेफर 

महिला के परिजन मान बहादुर ने बताया कि उन्हें कमला नेहरू अस्पताल शिमला में बेहतर इलाज मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों से संपर्क किया और महिला को यहां रेफर करवाने का आग्रह किया। डॉक्टरों की सलाह के बाद महिला को एंबुलेंस से नेपाल से शिमला भेजा गया।

20 घंटे का सफर तय कर पहुंचे शिमला 

महिला को लेकर परिजन नेपाल से रवाना हुए और करीब 20 घंटे का सफर तय करने के बाद शुक्रवार सुबह शिमला पहुंचे। इस दौरान गर्भवती महिला की हालत को देखते हुए एंबुलेंस में भी पूरी सावधानी बरती गई। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने महिला की जांच की और तुरंत इलाज शुरू किया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बड़े अस्पताल में शराब पार्टी- प्रशिक्षु डॉक्टर मिली बेसुध , गर्ल्स हॉस्टल से 16 बोतलें बरामद

पहले IGMC पहुंची थी महिला

नेपाल से आई गर्भवती महिला को लेकर परिजन पहले इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे थे। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को कमला नेहरू अस्पताल जाने की सलाह दी। इसके बाद करीब सुबह 11 बजे महिला को केएनएच में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया।

डॉक्टरों की मेहनत से सुरक्षित हुआ प्रसव 

कमला नेहरू अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत कदम उठाए और सफल प्रसव करवाया। प्रसव के बाद नवजात और मां दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला को अभी निगरानी में रखा गया है ताकि उसकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा सके।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बीमार बेटे और आर्थिक तंगी से हार गई मां- दोनों ने उठाया गलत कदम, कमरे में पड़े मिले

ठीक होने के बाद एंबुलेंस से लौटेगी नेपाल

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि महिला और बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हैं। महिला के ठीक होने के बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से वापस नेपाल भेजा जाएगा। यह मामला इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि पहली बार किसी गर्भवती महिला को नेपाल से इलाज के लिए कमला नेहरू अस्पताल शिमला लाया गया है।