#हादसा

June 20, 2026

हिमाचल : टूटी पाइप लाइन ठीक करने गया था पंप ऑपरेटर: फिसला पैर, खाई में गिरने से मौ*त

टूटी पाइप लाइन ठीक करने गया था कर्मचारी

शेयर करें:

himachal Jal Shakti Department Employee

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां ड्यूटी के दौरान जलशक्ति विभाग के एक कर्मचारी की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

टूटी पाइप लाइन ठीक करने गया था कर्मचारी

जानकारी के अनुसार, हादसा जिला कूल्लू के  आनी उपमंडल में पेश आया है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी अपने दो अन्य साथियों ईश्वर दास और बबलू के साथ कंडीनाला क्षेत्र में पानी की टूटी हुई पाइप लाइन की मरम्मत करने के लिए गए थे। विभागीय काम होने के चलते टीम सुबह ही मौके के लिए रवाना हुई थी।  कंडीनाला तक पहुंचने वाला रास्ता काफी कठिन और पहाड़ी था, जहां पैदल ही सफर करना पड़ता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बड़े अस्पताल में शराब पार्टी- प्रशिक्षु डॉक्टर मिली बेसुध , गर्ल्स हॉस्टल से 16 बोतलें बरामद

दुर्गम रास्ते में हुआ हादसा

रास्ता ज्यादा खतरनाक होने के कारण तीनों कर्मचारी अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ रहे थे। बबलू नीचे वाले रास्ते से कंडीनाला की तरफ निकल गया, जबकि कर्मचारी और ईश्वर दास ऊपर वाले कठिन रास्ते से आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान खनौली नाले के पास अचानक एक कर्मचारी का संतुलन बिगड़ गया और उनका पैर फिसल गया।

250 मीटर गहरी खाई में गिरने से मौत

पैर फिसलने के बाद कर्मचारी करीब 250 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथी कर्मचारी और आसपास के लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस को दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बीमार बेटे और आर्थिक तंगी से हार गई मां- दोनों ने उठाया गलत कदम, कमरे में पड़े मिले

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी भुहान के रूप में हुई है।

परिवार में पसरा मातम, जांच शुरू

सुरेंद्र कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। कुल्लू के SP मदन लाल ने इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख