#विविध
October 30, 2026
देव विष्णु मतलोड़ा के दर पर हूम का आयोजन, सुबह 4 बजे निभाई गई देव परंपरा- उमड़ा जनसैलाब
तड़के 4 बजे निकली देवता की भव्य शोभायात्रा
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की सराज घाटी में स्थित देव कांढा में बड़ा देव विष्णु मतलोड़ा के प्रसिद्ध हूम (कार्तिक जाग) उत्सव में आस्था का जनसैलाब उमड़ा। वीरवार को आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में मंडी, कुल्लू समेत प्रदेश के कई जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। तड़के 4 बजे निकली देवता की भव्य जलेब, ढोल-नगाड़ों की गूंज और मंदिर परिसर में देखने को मिले दैवीय शक्तियों के प्रभाव ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। देवता के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
हूम उत्सव को लेकर बुधवार शाम से ही देव कांढा में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। बुधवार शाम को बागाचनोगी की चोहट कोठी में सात हारों के कारकूनों के साथ देवता विष्णु मतलोड़ा को सजाने की रस्म शुरू हुई। इसके बाद वीरवार सुबह करीब 4 बजे देवता अपने पूरे लाव-लश्कर और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ अपने मूल स्थान देव कांढा के लिए रवाना हुए। देवता की इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! 4 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट; 2 दिन जमकर होगी बारिश
देवता कमेटी के पुजारी पुष्प राज ने बताया कि इस बार हूम उत्सव में गौ पूजा भी करवाई गई। इस दौरान देवता विष्णु मतलोड़ा से पूरे क्षेत्र और लोगों की सुख-शांति व सुरक्षा बनाए रखने की प्रार्थना की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म, सुक्खू सरकार करने जा रही 111 पदों पर भर्ती; जानें डिटेल
जब तड़के देवता का रथ मंदिर के पास पहुंचा तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद कई महिलाओं और पुरुषों पर देव शक्ति का प्रभाव देखने को मिला। इसके बाद देवता की परिक्रमा करवाई गई और पुजारियों व कारकूनों ने सभी पारंपरिक रस्में पूरी कीं।
हूम उत्सव के दौरान देवता का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों ने देवता के सामने माथा टेककर अपने और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, जिन लोगों की मन्नतें पूरी हुई थीं, उन्होंने मंदिर परिसर में अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी करवाया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।