#अव्यवस्था

June 20, 2026

हिमाचल के बड़े अस्पताल में शराब पार्टी- प्रशिक्षु डॉक्टर मिली बेसुध , गर्ल्स हॉस्टल से 16 बोतलें बरामद

75,000 रुपये का जुर्माना का लगाया जुर्माना

शेयर करें:

Tanda Medical College

कांगड़ा। लोग डॉक्टरों के पास अपनी बीमारी का इलाज करवाने और स्वस्थ होने की उम्मीद से जाते हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से सामने आए एक मामले ने सभी को हैरान कर दिया है। यहां गर्ल्स हॉस्टल में रह रही MBBS तृतीय वर्ष की एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के कमरे से शराब की करीब 16 बोतलें बरामद हुई हैं। जांच के दौरान छात्रा नशे की हालत में बेसुध मिली, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया।

पहले से मिल रही थीं शिकायतें

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि उन्हें काफी समय से हॉस्टल में कुछ छात्रों द्वारा नशा करने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर जब हॉस्टल में अचानक जांच की गई, तो यह मामला सामने आया। जांच के दौरान छात्रा अपने कमरे में बेहोशी की हालत में पाई गई और कमरे से शराब की कई बोतलें भी बरामद हुईं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बीमार बेटे और आर्थिक तंगी से हार गई मां- दोनों ने उठाया गलत कदम, कमरे में पड़े मिले

कड़ी कार्रवाई, एक महीने के लिए निष्कासित

मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। एमबीबीएस तृतीय वर्ष की इस प्रशिक्षु डॉक्टर को एक महीने के लिए कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया है। इसके साथ ही उस पर 75,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

अन्य छात्रों को सबक देने के लिए सख्त कदम

प्रिंसिपल ने साफ कहा कि मेडिकल कॉलेज में नशे को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस घटना को उदाहरण के तौर पर सभी छात्रों के साथ साझा किया गया है, ताकि अन्य लोग इससे सबक लें और भविष्य में ऐसी गलती न करें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश का दौर जारी- अलगे 48 घंटे बारिश और तेज तूफान का येलो अलर्ट

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 5 जून को भी कॉलेज में औचक निरीक्षण के दौरान बॉयज हॉस्टल में चार प्रशिक्षु डॉक्टर नशे की हालत में पकड़े गए थे। उस समय भी सभी छात्रों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था और उन्हें एक महीने के लिए निष्कासित किया गया था।

प्रशासन का सख्त संदेश

कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यदि कोई छात्र या प्रशिक्षु डॉक्टर नशे में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मेडिकल जैसे जिम्मेदार पेशे में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख