कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के पंचायत और जिला परिषद चुनावों में मनाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक खुशखबरी सामने आई है। कांग्रेस विधायक भुवनेश्वर गौड़ के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने जिला परिषद की चारों सीटों पर जीत दर्ज कर विपक्ष को बड़ा झटका दिया है। इससे पहले मनाली नगर परिषद चुनाव में भी भाजपा सात की सात सीटें चुकी है। ऐसे में ताजा नतीजों ने मनाली की राजनीति में भाजपा की मजबूत पकड़ को एक बार फिर साबित कर दिया है।
चारों जिला परिषद वार्ड भाजपा के खाते में
मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चारों जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। वशिष्ठ वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार ठाकुरदास विजयी रहे। लरांकेलो वार्ड से अनिल राणा ने जीत दर्ज की, जबकि डुगीलग वार्ड से राजकुमार ठाकुर भारी मतों से चुनाव जीतने में सफल रहे। कटराई वार्ड में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार जिंदू ठाकुर ने जीत का परचम लहराया। इन परिणामों के साथ जिला परिषद स्तर पर मनाली में भाजपा का पूरी तरह दबदबा स्थापित हो गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले 6 दिन लगातार बारिश...कई जिलों में अलर्ट, आंधी-तूफान के साथ होगी ओलावृष्टि
नगर परिषद के बाद जिला परिषद में भी भाजपा का जलवा
मनाली में यह भाजपा की लगातार दूसरी बड़ी चुनावी सफलता मानी जा रही है। कुछ समय पहले हुए मनाली नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने सातों वार्डों में जीत दर्ज कर कांग्रेस का पूरी तरह सफाया कर दिया था। अब जिला परिषद चुनाव में भी चारों सीटें जीतकर भाजपा ने अपनी चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम आने वाले समय में कुल्लू जिले की राजनीति पर भी असर डाल सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की चर्चित सीट पर पहलवान की जीत- रूसी भाभी ने जमकर किया था प्रचार, जीता ZP चुनाव
कांग्रेस के लिए चिंतन का विषय
दिलचस्प बात यह है कि मनाली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व वर्तमान में कांग्रेस विधायक भुवनेश्वर गौड़ कर रहे हैं। इसके बावजूद जिला परिषद और नगर परिषद दोनों चुनावों में कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। ऐसे में यह परिणाम कांग्रेस संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय बन गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिग्गज नेता भी नहीं बचा पाए परिवार की साख, पूर्व मंत्रियों की बेटियां हारीं जिला परिषद चुनाव
भाजपा नेताओं ने जताया आभार
जीत के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों ने अपनी सफलता का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा। वहीं पूर्व मंत्री और भाजपा नेता गोविंद सिंह ठाकुर ने भी सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए इसे जनता का भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर विश्वास बताया।
