ऊना। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों के बाद अब जिला परिषद और बीडीसी चुनावों के नतीजे भी राजनीतिक संदेश देने लगे हैं। इसी बीच ऊना जिले से सामने आया एक चुनाव परिणाम प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रभाव क्षेत्र माने जाने वाले हरोली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां जिला परिषद के पंजावर वार्ड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने शानदार जीत दर्ज की है।
राजनीतिक जानकार इस परिणाम को सिर्फ एक स्थानीय चुनावी जीत नहीं, बल्कि हरोली क्षेत्र के बदलते राजनीतिक समीकरणों के रूप में भी देख रहे हैं। खास बात यह है कि यह जीत ऐसे समय में सामने आई है जब कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में है और हरोली विधानसभा क्षेत्र उपमुख्यमंत्री का गृह राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है।
पंजावर वार्ड में भाजपा की बड़ी जीत
जिला परिषद के पंजावर वार्ड में भाजपा समर्थित प्रत्याशी इंदुबाला ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार अनु बाला को बड़े अंतर से पराजित कर जीत हासिल की। चुनाव परिणामों के अनुसार इंदुबाला को 10,891 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस समर्थित अनु बाला को 8,391 वोट मिले।
यह भी पढ़ें : निगम के बाद अब बीडीसी-जिला परिषद के सामने आ रहे चौंकाने वाले नतीजे; जानें कौन कहां से जीता
इस प्रकार भाजपा उम्मीदवार ने लगभग 2,500 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस को सीधी चुनौती दी है। परिणाम सामने आते ही भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और इसे हरोली क्षेत्र में पार्टी की बड़ी राजनीतिक सफलता के रूप में देखा जाने लगा।
डिप्टी सीएम के क्षेत्र में कांग्रेस को झटका
हरोली विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की राजनीतिक कर्मभूमि माना जाता है। ऐसे में इसी क्षेत्र के महत्वपूर्ण जिला परिषद वार्ड में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार की हार को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यह परिणाम स्थानीय स्तर पर कांग्रेस संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय बन सकता है। वहीं भाजपा इसे जनता के बदलते मूड और अपनी बढ़ती पकड़ का संकेत बता रही है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : मानसून में हुए बेघर, बच्चों-बुजुर्गों संग तबुओं में रह रहे 21 परिवार; एक साल बाद भी नहीं मिला ठिकाना
सोहारी वार्ड में भी भाजपा का दमदार प्रदर्शन
ऊना जिले की एक अन्य चर्चित सीट सोहारी जिला परिषद वार्ड में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार योगराज राज जोगी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस समर्थित विशाल सिंह को 1,547 मतों के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ ऊना जिले की दो महत्वपूर्ण सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की सफलता ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया है।
कांग्रेस को यहां मिली जीत
अब तक सामने आए नतीजों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की है। कांग्रेस को भी कुछ स्थानों पर सफलता मिली है और कई वार्डों में उसके समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं, कांग्रसे ने सोलन के ठियोग और नालागढ़ में जीत दर्ज की है। ठियोग के क्यार जिला परिषद वार्ड से कांग्रेस समर्थित आशा ने जीत दर्ज की है। वहीं नालागढ़ में भी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर सुक्खू सरकार को कुछ हद तक राहत प्रदान की है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की इस पंचायत में हुआ हाई-वोल्टेज चुनाव- पूर्व ZP ने बचाई अपनी साख, बेटी 330 के अंतर से विजयी
टक्का में कांग्रेस उम्मीदवार सुमित शर्मा ने दर्ज की जीत
जिला परिषद वार्ड नंबर-7 टक्का के चुनाव परिणाम में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुमित शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है। सुमित शर्मा को कुल 5431 मत प्राप्त हुए। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम को 4475 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे।
क्या स्थानीय राजनीति में बदल रहा है माहौल?
पंजावर वार्ड का चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर भी देख रहे हैं। उनका मानना है कि स्थानीय निकाय चुनाव भले ही अलग प्रकृति के होते हैं, लेकिन इनके नतीजे अक्सर जनता के राजनीतिक रुझानों की झलक भी दिखाते हैं। फिलहाल इतना तय है कि जिला परिषद चुनाव में हरोली के पंजावर वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार की बड़ी जीत ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है और कांग्रेस के लिए कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
