शिमला। हिमाचल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) अब लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई बस सेवा शुरू करने जा रहा है। यह बस चामंड़ा देवी से सीधे वैष्णों देवी मंदिर तक चलाई जाएगी।

धार्मिक यात्रा के लिए शुरू हुई बस सेवा 

खास बात यह है कि HPTDC पहली बार किसी धार्मिक यात्रा के लिए बस सेवा शुरू करने जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। इस फैसले को बीते कल वीरवार को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बीओडी) की बैठक में मंजूरी दी गई। इस बैठक की अध्यक्षता HPTDC के चेयरमैन RS बाली ने की। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस मंदिर में उमड़ी आस्था : मां को सोना-चांदी भेंट, 15 दिनों में 3 करोड़ से ज्यादा का चढ़ावा

श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा

बैठक में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने और यात्रियों को ज्यादा आरामदायक अनुभव देने पर खास जोर दिया गया। बस सेवा शुरू होने से खासतौर पर उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो हिमाचल से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। 

अब सीधा सफर, बेहतर होंगी सुविधाएं 

अब उन्हें अलग-अलग साधनों से यात्रा करने की परेशानी नहीं होगी, बल्कि सीधे एक ही बस से सफर कर सकेंगे। इससे समय की बचत भी होगी और यात्रा ज्यादा सुविधाजनक बनेगी। इसके अलावा, बैठक में HPTDC के होटलों और रेस्टोरेंट्स की गुणवत्ता सुधारने को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने VIP मेहमानों की खातिरदारी पर उड़ाए करोड़ों- विधानसभा में हुआ खुलासा

होटल-रेस्टोरेंट्स की होगी सख्त जांच

अब एक खास फ्लाइंग स्क्वॉड (निरीक्षण टीम) बनाई जाएगी, जो समय-समय पर अलग-अलग होटलों और रेस्टोरेंट्स में जाकर जांच करेगी। यह टीम कमरों की सफाई, रखरखाव, खाने की गुणवत्ता और ग्राहकों को दी जा रही सेवाओं का पूरा जायजा लेगी। अगर कहीं कमी पाई गई तो उसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए जाएंगे।

बेहतर सुविधाओं पर HPTDC का फोकस

इस कदम का मकसद साफ है पर्यटकों और ग्राहकों को बेहतर और उच्च स्तर की सुविधाएं देना। HPTDC  चाहता है कि उसके होटलों में आने वाला हर व्यक्ति संतुष्ट होकर जाए और उसे किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज से अगले 6 दिन तक होगी भारी बारिश, 10 जिलों में तेज तूफान-ओलावृष्टि का अलर्ट

 24 घंटे चलेगा कॉल सेंटर

इतना ही नहीं, ग्राहकों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के लिए HPTDC  अब 24 घंटे चलने वाला कॉल सेंटर भी शुरू करने जा रहा है। इस कॉल सेंटर के जरिए कोई भी ग्राहक अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करवा सकेगा। शिकायत दर्ज होते ही उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी, ताकि समस्या का जल्द से जल्द समाधान हो सके।

ग्राहकों की आवाज से सुधरेंगी सेवाएं

इस नई व्यवस्था से दो फायदे होंगे एक तरफ ग्राहकों को अपनी बात रखने का आसान माध्यम मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ HPTDC को अपनी सेवाओं में सुधार करने का मौका मिलेगा। इससे भविष्य में व्यवस्थाएं और भी बेहतर हो सकेंगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें