ऊना। हिमाचल प्रदेश का मैदानी जिला ऊना इन दिनों लगातार हो रही भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित है। जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल अंब और गगरेट में हालात बिगड़ गए हैं। जगह-जगह जलभराव से न केवल आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है बल्कि परिवहन सेवाएं और शिक्षण संस्थान भी प्रभावित हुए हैं।
बारिश से बिगड़े हालात
हिमाचल में लगातार हो रही बारिश का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। ऊना-अंब रेललाइन पर पानी भरने के कारण बुधवार को वंदे भारत एक्सप्रेस को ऊना रेलवे स्टेशन पर ही रोकना पड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल मानसून सत्र का तीसरा दिन- इन मुद्दों से गरमाएगा सदन, दोनों पक्षों में नोक-झोंक के आसार
बीच रास्ते में रोकी ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यदि बारिश का सिलसिला ऐसे ही जारी रहा तो हरिद्वार-नंगल-अंब और साबरमती-नंगल-अंब समेत अन्य ट्रेनों को नंगल रेलवे स्टेशन पर ही रोकने की व्यवस्था करनी होगी। रेलवे स्टेशन ऊना के प्रबंधक राजवीर सिंह ने जानकारी दी कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए ट्रैक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और मौसम की ताजा स्थिति को देखते हुए ही ट्रेनों की आवाजाही बहाल की जाएगी।
स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश
बारिश के कारण बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल (IAS) ने आदेश जारी करते हुए 20 अगस्त को अंब और गगरेट उपमंडल के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के BPL परिवारों को लेकर बड़ा फैसला, 50 हजार से कम है वार्षिक आय तो ही मिलेगा फायदा
अंब और गगरेट में सबसे ज्यादा असर
सबसे ज्यादा तबाही की तस्वीरें उपमंडल अंब और गगरेट से सामने आई हैं। अंब में कोर्ट परिसर, बस स्टैंड अंब की मार्केट, पुलिस थाना अंब और वार्ड नंबर 1 व 2 में कई घरों में पानी भर गया है। कई दुकानों और घरों में घुटनों तक पानी घुस गया, जिससे लोगों को सामान सुरक्षित करने में भारी दिक्कत पेश आई।
क्षेत्र में हालात गंभीर
गाड़ियों और दोपहिया वाहनों को भी नुकसान हुआ है। वहीं, गगरेट क्षेत्र में भी हालात गंभीर हैं। कई संपर्क मार्गों पर पानी भरने से यातायात पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। स्थानीय दुकानदारों और किसानों ने भारी नुकसान की आशंका जताई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के बेटे ने खुद की परवाह किए बिना बचाई कई जिंदगियां, राष्ट्रपति से मिला बड़ा सम्मान
बारिश से बने हालात को देखते हुए प्रशासन ने रेस्क्यू दलों और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और जलभराव वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
