हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने की होड़ किस कदर बढ़ चुकी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज तीन पदों के लिए 626 से अधिक युवाओं ने आवेदन कर दिया।

एक अनार 100 बीमार

“एक अनार सौ बीमार” जैसी स्थिति के बीच आखिरकार हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। लंबी चयन प्रक्रिया के बाद तीन अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। जबकि सैकड़ों उम्मीदवारों का सपना अधूरा रह गया।

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार का सबसे बड़ा फैसला- अब सरकारी नौकरी से पहले होगा चिट्टा टेस्ट

आज निकला रिजल्ट

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग HPRCA ने सांख्यिकी सहायक भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग द्वारा पोस्ट कोड 25013 के अंतर्गत सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अनुसूचित जाति वर्ग के कुल तीन पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

3 खुश-कई निराश

भर्ती परिणाम जारी होने के बाद जहां इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। वहीं लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को भी राहत मिली है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्मार्ट मीटर की आरती उतारकर जताया विरोध: बंद पड़ी दुकान का आया 22 हजार बिल, विभाग मौन

626 ने किया आवेदन

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 626 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रारंभिक जांच के बाद सभी अभ्यर्थियों को अस्थायी रूप से पात्र माना गया और उन्हें भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया गया।

320 ने दिया पेपर

इसके बाद कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें 320 उम्मीदवारों ने भाग लिया, जबकि 306 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और निर्धारित मापदंडों के आधार पर अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में "सैफ अली" से मिली एक किलो से अधिक चरस : पुलिस ने दो साथियों संग किया गिरफ्तार

13 हुए शॉर्टलिस्ट

स्क्रीनिंग टेस्ट में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर 13 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 24 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई, जिसमें अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड की जांच की गई। आयोग ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न करने का दावा किया है।

कौन 3 उम्मीदवार हुए सिल्केट?

अंतिम चयन सूची में तीन अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। आयोग की ओर से इन अभ्यर्थियों की अनुशंसा संबंधित विभाग को आगामी नियुक्ति प्रक्रिया के लिए भेजी जा रही है। चयनित उम्मीदवारों में-

  • रोल नंबर 25013000315 की किंजल कोंडल ने 68 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।
  • रोल नंबर 25013000135 के अमित कुमार ने 61 अंक प्राप्त किए
  • रोल नंबर 25013000328 के अक्षित कुमार ने 60.5000 अंक हासिल किए

यह भी पढ़ें- BREAKING: NEET UG 2026 परीक्षा हुई रद्द: पेपर लीक की आशंका - CBI जांच करेगी

सावधानी से तैयार किया गया रिजल्ट

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिणाम तैयार करने में पूरी सावधानी बरती गई है। मगर किसी तकनीकी या अनजाने त्रुटि की संभावना से पूरी तरह इंकार नहीं किया जा सकता। अगर भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो आयोग आवश्यकता अनुसार परिणाम में संशोधन करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

कब होंगे नियुक्त?

राज्य चयन आयोग के सचिव विक्रम महाजन ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के तहत संपन्न की गई है। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की अनुशंसा संबंधित विभाग को भेजी जा रही है- ताकि आगे की नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।