कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित कारागार में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, कैदी के परिजनों ने भी उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।
जेल में सजा काट रहे कैदी की मौत
बीते कल मृतक के परिजन SP कांगड़ा अशोक रत्न से मिले और पूरे मामले को लेकर अपनी शंकाएं जाहिर कीं। परिजनों ने मांग की कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी निष्पक्ष और गहराई से जांच करवाई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनावों के बीच स्कूलों में संकट: एक ही स्कूल से 10-12 टीचर ड्यूटी पर, 23 हजार व्यस्त
परिजनों ने जड़े आरोप
परिजनों का आरोप है कि विवेक की मौत बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हो चुकी थी। मगर परिवार को इसकी सूचना लगभग सात बजे दी गई। उनका कहना है कि सूचना देने में देरी क्यों हुई, इसका स्पष्ट जवाब अभी तक नहीं मिला है।
परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
मृतक के परिवार ने यह भी सवाल उठाया कि उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई कि विवेक को घटना के बाद पहले जोनल अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया था या सीधे टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें केवल इतना बताया गया कि मौत करंट लगने से हुई है, लेकिन पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी भी कई बातें स्पष्ट नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : भाई के BIRTHDAY पर 10 वर्षीय बहन की मौ.त, पिता को यमुना में मिली देह
2023 से काट रहा था सजा
जानकारी के अनुसार विवेक मार्च 2023 से जिला कारागार धर्मशाला में एक मामले में सजा काट रहा था। इस दौरान वह कई बार पैरोल पर अपने घर भी जा चुका था। घटना के बाद परिजनों में भारी रोष और दुख का माहौल है।
निष्पक्ष जांच करने की मांग
फिलहाल, पुलिस प्रशासन मामले से जुड़े सभी पहलुओं को जांच के दायरे में लेने की बात कह रहा है। वहीं, परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं। परिजनों ने पुलिस ने निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
