शिमला। रक्षाबंधन से पहले भाई-बहन के रिश्ते पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। इस बार बहनों को भाई की कलाई तक राखी पहुंचाने के लिए भी पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। डाक विभाग ने पार्सल की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। 500 ग्राम तक के पार्सल का शुल्क 18 रुपये से बढ़ाकर 34 रुपये कर दिया गया है। ऐसे में दूर रहने वाले भाई को राखी और साथ में छोटा सा तोहफा डाक से भेजना अब पहले के मुकाबले महंगा पड़ेगा।

500 ग्राम के पार्सल के लिए अब 34 रुपये

नई दरों के मुताबिक 500 ग्राम तक के इंडिया पोस्ट पार्सल के लिए अब 34 रुपये शुल्क देना होगा। इस पर जीएसटी अलग से लगेगा। इसके अलावा पार्सल कहां भेजा जा रहा है, उसके हिसाब से भी शुल्क अलग होगा।

यह भी पढ़ें- 12 साल बाद भाई जमलू देवता से मिलने पहुंचे राजा घेपन, 272 KM पैदल चली देव यात्रा

प्रदेश के अंदर पार्सल भेजने पर करीब 77 रुपये, मेट्रो जोन में 82 रुपये और दूसरे राज्यों में भेजने पर 84 रुपये तक शुल्क तय किया गया है। वजन बढ़ने के साथ पार्सल का खर्च भी बढ़ता जाएगा।

35 किलो का सामान भेजना भी होगा महंगा 

अगर आपको डाक के जरिए भारी सामान भेजना है तो अब जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। 35 किलो के इंडिया पोस्ट पार्सल के लिए स्थानीय स्तर पर 1273 रुपये और दूसरे राज्यों में भेजने पर 3800 रुपये तक शुल्क देना पड़ सकता है। वहीं 35 किलो के स्पीड पोस्ट पार्सल के लिए स्थानीय स्तर पर अधिकतम 1444 रुपये और दूसरे राज्यों में भेजने पर 5058 रुपये तक शुल्क तय किया गया है। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल में हर महीने 68 लोग गंवा रहे जा..न- विवाद, बीमारी और शादी बनी वजह

स्पीड पोस्ट भेजना भी हुआ महंगा 

पार्सल के साथ-साथ सामान्य स्पीड पोस्ट की दरें भी बढ़ गई हैं। पहले 20 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट के लिए 42 रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब इसके लिए 56 रुपये देने होंगे। यानी सीधे 14 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वजन और दूरी बढ़ने के साथ बाकी श्रेणियों में भी करीब 10 से 15 रुपये तक का इजाफा किया गया है।

छोटे कारोबारियों की जेब पर भी पड़ेगा असर

डाक की बढ़ी हुई दरों का असर आम लोगों के साथ छोटे कारोबारियों पर भी पड़ेगा। घर से सामान बनाकर बेचने वाले या डाक के जरिए ग्राहकों तक सामान पहुंचाने वाले लोगों का डिलीवरी खर्च बढ़ जाएगा। खासकर कम कीमत वाले सामान में पार्सल का खर्च बढ़ने से कारोबारियों की कुल लागत भी बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम- 5 दिन बारिश का दौर; कल 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

अगस्त से लागू हो गई हैं नई दरें

डाक विभाग हमीरपुर के उपअधीक्षक जोगिंद्र सिंह के मुताबिक पार्सल और स्पीड पोस्ट की नई दरें अगस्त से लागू कर दी गई हैं। अब ग्राहकों से इन्हीं नई दरों के हिसाब से शुल्क लिया जा रहा है। ऐसे में डाक से सामान भेजने से पहले वजन और सामान कहां भेजना है, उसके हिसाब से शुल्क की जानकारी लेना जरूरी होगा।

छोटे पार्सल भेजने वालों पर सबसे ज्यादा असर

नई दरों का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ सकता है जो छोटे-छोटे पार्सल डाक से भेजते हैं। खासकर 500 ग्राम तक के पार्सल के शुल्क में हुई बढ़ोतरी से अब पहले के मुकाबले ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा।