देहरा/ ज्वालामुखी। हिमाचल प्रदेश के नगर निकाय चुनावों में इस बार कांगड़ा जिला के देहरा और ज्वालामुखी में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। वर्षों से भाजपा के प्रभाव वाले इन निकायों में इस बार कांग्रेस ने शानदार वापसी करते हुए जीत का परचम लहरा दिया। खास तौर पर देहरा नगर परिषद में कांग्रेस की जीत को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर की बड़ी राजनीतिक कामयाबी माना जा रहा है।
देहरा में कांग्रेस की इस जीत के बाद साफ संकेत मिले हैं कि क्षेत्र में कमलेश ठाकुर का प्रभाव लगातार मजबूत हो रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल बन गया और समर्थकों ने इसे “देहरा में बदलाव की शुरुआत” बताया।
यह भी पढ़ें : डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री नहीं बचा पाए अपना इलाका, टाहलीवाल में कांग्रेस को मिली हार; भाजपा जीती
देहरा में बदली राजनीतिक तस्वीर
देहरा नगर परिषद चुनाव में इस बार भाजपा को बड़ा झटका लगा है। लंबे समय से परिषद की सत्ता पर काबिज भाजपा इस बार केवल दो सीटों तक सिमट गई। वहीं कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने अधिकांश वार्डों में जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरण बदल दिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से वोट डालने निकला बुजुर्ग, पोलिंग बूथ के पास थमी सांसें- सदमे में परिवार
सबसे चर्चित मुकाबला वार्ड नंबर-3 में देखने को मिला, जहां लगातार तीन बार नगर परिषद अध्यक्ष रह चुकीं भाजपा की सुनीता कुमारी को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार नरेश कुमार ने उन्हें मात देकर बड़ा उलटफेर कर दिया। वार्ड नंबर-1 में निष्ठा चंबियाल ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड-4 में उपासना सूद, वार्ड-5 में किरण और वार्ड-7 में किरण शर्मा विजयी रहीं। भाजपा केवल वार्ड-2 और वार्ड-6 में जीत दर्ज कर पाई।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि देहरा में कांग्रेस की इस जीत के पीछे विधायक कमलेश ठाकुर की सक्रियता और जनता के बीच लगातार बढ़ती पकड़ बड़ी वजह रही है।
ज्वालामुखी में भी कांग्रेस का दबदबा कायम
नगर परिषद ज्वालामुखी में कांग्रेस को मिली सात सीटें
नगर परिषद ज्वालामुखी में भी कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल कर लिया। कुल 9 वार्डों में से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 7 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा केवल 2 सीटें ही जीत पाई। ज्वालामुखी में कांग्रेस की यह जीत इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यहां 1995 से कांग्रेस लगातार मजबूत स्थिति में रही है और इस बार भी पार्टी ने अपना दबदबा बरकरार रखा। वार्ड नंबर-1 से सोमकिरण शर्मा, वार्ड-2 से सोमेश शर्मा, वार्ड-4 से दीप्ति शर्मा, वार्ड-5 से नीरज शर्मा, वार्ड-6 से सुमन शर्मा, वार्ड-7 से पवन गोस्वामी और वार्ड-8 से सुनील कुमार ने कांग्रेस को जीत दिलाई।
यह भी पढ़ें : मुकेश अग्निहोत्री के गृह जिला ऊना में बुरी तरह से हारी कांग्रेस, 6 में से 5 निकायों पर भाजपा का कब्जा
भाजपा को लगा बड़ा राजनीतिक झटका
देहरा और ज्वालामुखी दोनों क्षेत्रों के परिणाम भाजपा के लिए बड़े झटके के रूप में देखे जा रहे हैं। खासकर देहरा में भाजपा की पकड़ कमजोर पड़ना आने वाले समय की राजनीति के लिए अहम संकेत माना जा रहा है। कांग्रेस खेमे का मानना है कि मुख्यमंत्री सुक्खू सरकार की योजनाओं और स्थानीय नेतृत्व पर जनता ने भरोसा जताया है। वहीं भाजपा के लिए ये नतीजे आत्ममंथन का कारण बन सकते हैं।
