#विविध
May 17, 2026
हिमाचल में उजड़ा हंसता-खेलता परिवार: ड्रग्स से पहले बेटे की मौ*त...अब जवान बेटी भी चल बसी
नशे के ओवरडोज से जुड़ रहा मामला- जांच में जुटी पुलिस
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। डियारा सेक्टर में 28 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत नशे की ओवरडोज से हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को युवती अपने घर में अकेली ही थी। शाम के समय जब परिवार के सदस्य वापस घर लौटे- तो उन्होंने बेटी को कमरे में बेसुध हालत में पड़ा देखा।
यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे। मगर वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। शुरुआती हालात कई सवाल खड़े कर रहे हैं, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस घटनास्थल और युवती के आसपास के हालात से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
इस घटना ने परिवार को अंदर तक तोड़ दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ साल पहले मृतका के भाई की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी और उस समय भी नशे की ओवरडोज की चर्चा सामने आई थी।
अब एक ही परिवार के दो युवाओं की इस तरह मौत होने से पूरे इलाके में गहरा दुख और आक्रोश है। लोग लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर युवाओं तक नशा पहुंच कैसे रहा है और इसे रोकने के लिए सख्त कदम कब उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे का जाल धीरे-धीरे युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेता जा रहा है। कई परिवार इस समस्या से प्रभावित हो चुके हैं, लेकिन सामाजिक शर्म और डर के कारण खुलकर सामने नहीं आ पाते। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाने और युवाओं को बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।