शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एक अहम प्रशासनिक फैसला लेते हुए हिमाचल पुलिस के महत्वपूर्ण C&TS मुख्यालय को राजधानी शिमला से अपने गृह जिला हमीरपुर शिफ्ट कर दिया है। जिसके लिए सरकार का कहना है कि यह कदम शिमला में बढ़ते दबाव को कम करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए उठाया गया है।
40 अधिकारी और कर्मचारी भी भेजे नए स्थान पर
बतौर रिपोर्टर्स, अब तक यह मुख्यालय विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो के परिसर में संचालित हो रहा था, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की बजट घोषणा के बाद इस बदलाव को अमल में लाया गया।
यह भी पढ़ें : BJP दफ्तर में धमाका : पुलिस ने गिरफ्तार किया हिमाचल का युवक, ISI से भी जुड़े हैं तार
पुलिस महानिदेशक के आदेश जारी होने के बाद विभाग ने स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस प्रक्रिया के तहत करीब 40 अधिकारी और कर्मचारी भी नए स्थान पर भेजे गए हैं।
बढ़ते ट्रैफिक और जनसंख्या दबाव के चलते उठाया कदम
सरकार का कहना है कि शिमला में लगातार बढ़ते ट्रैफिक और जनसंख्या दबाव को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। राजधानी पर बढ़ते बोझ को संतुलित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार पहले भी कई कार्यालयों को धर्मशाला, ऊना और हमीरपुर जैसे जिलों में स्थानांतरित कर चुकी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दिल्ली के युवकों की गुंडागर्दी : बीच सड़क व्यक्ति के सिर पर तानी पिस्तौ*ल
प्रदेश के कई हिस्सों में सरकारी भवन खाली
इसके अलावा सरकार उन दफ्तरों को भी प्राथमिकता से शिफ्ट कर रही है, जो किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में सरकारी भवन खाली पड़े हैं, जिनका उपयोग कर प्रशासन न केवल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर रहा है, बल्कि किराये पर होने वाले खर्च में भी कमी ला रहा है।
