शिमला। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले सरकारी अस्पतालों में हालात अचानक बिगड़ गए। डॉक्टरों के सामूहिक अवकाश पर चले जाने से प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल IGMC शिमला भी प्रभावित हुआ। दूर-दराज क्षेत्रों से इलाज की आस लेकर पहुंचे मरीजों को OPD में डॉक्टर नहीं मिले और कई जरूरी जांच व ऑपरेशन टालने पड़े। मरीजों की पीड़ा के बीच अब पूरे प्रदेश की निगाहें CM सुक्खू के फैसले पर टिकी हैं। दिल्ली के AIIMS अस्पताल की RDA ने भी डॉक्टर के पक्ष में आकर कई सवाल किए हैं।
CM आवास ओक ओवर में अहम बैठक पूरी
इसी बीच रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सरकारी आवास ओक ओवर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बर्खास्त किए गए डॉक्टर राघव की सेवा बहाली की मांग रखी। डॉक्टरों ने यह भी कहा कि घटना के दिन अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की गई और मेडिकल स्टाफ को डराया.धमकाया गया, लेकिन इस पर अभी तक सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।
डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री के सामने अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, दोषियों पर कार्रवाई और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग उठाई। डॉक्टर एसोसिएशन की मांग पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें इस मामले की दोबारा जांच का आश्वासन दिया है।
सरकार ने दोबारा जांच का दिया आश्वासन
सीएम सुक्खु से बैठक के बाद रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष सोहेल शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामले की पुनः जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की चिंताओं को सरकार ने गंभीरता से सुना है, लेकिन जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक डॉक्टरों में असंतोष बना रहेगा।
शाम को तय होगी आगे की रणनीति
डॉक्टरों का सामूहिक अवकाश फिलहाल एक दिन के लिए रखा गया है। हालांकि आंदोलन को लेकर अगला कदम क्या होगाए इसका फैसला शाम को बुलाई गई जनरल हाउस मीटिंग में किया जाएगा। इस बैठक में आगे के आंदोलन, कार्य बहिष्कार या अन्य विकल्पों पर चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में युवती ने किया 'कांड' : विवाद सुलझाने आए ASI और महिला प्रधान को जड़े थप्पड़
OPD में नहीं मिले डॉक्टर
डॉक्टरों की सामूहिक छुट्टी का सबसे ज्यादा असर IGMC शिमला की OPD में देखने को मिला। सुबह-सुबह सैकड़ों मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे, लेकिन पर्ची कटवाने के बाद उन्हें डॉक्टर न मिलने की जानकारी दी गई। कई मरीज मायूस होकर वापस लौटते नजर आए।
पालमपुर में भी डॉक्टरों की हड़ताल
बता दें कि IGMC में डॉक्टर की बर्खास्तगी का मामला अब सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं रहा। इसका असर कांगड़ा जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में से एक पालमपुर अस्पताल तक देखने को मिला, जहां चिकित्सकों के सामूहिक अवकाश पर जाने से ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बाधित रहीं। रोज़ की तरह इलाज की आस लेकर पहुंचे सैकड़ों मरीजों को बिना परामर्श लौटना पड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बदला मौसम: सात जिलों में अलर्ट जारी, पहाड़ों पर बारिश- बर्फबारी के आसार
हार्ट पेशेंट और MRI के मरीज भी परेशान
IGMC पहुंचे मरीजों ने बताया कि उन्हें दिल की गंभीर समस्या है और आज फॉलोअप के लिए आए थे, लेकिन डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। किसी मरीज ने कहा कि उनका MRI आज होना था, जिसके लिए वे 10 दिन से रिपन अस्पताल में भर्ती थीं। हड़ताल के कारण जांच टाल दी गई और अब दोबारा तारीख लेनी पड़ेगी।
डॉक्टर की टर्मिनेशन से भड़का विवाद
पूरा मामला IGMC में मरीज से मारपीट के आरोप में एक डॉक्टर की टर्मिनेशन से जुड़ा है। इस कार्रवाई के बाद रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (RDA) विरोध में उतर आई। अब इस आंदोलन को AIIMS दिल्ली के डॉक्टरों के साथ-साथ हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन (HMOA) और स्टेट एसोसिएशन ऑफ मेडिकल एंड डेंटल कॉलेज टीचर्स (सैमडकोट) का भी समर्थन मिल गया है।
पांवटा बाजार भी बंद
इस मामले में पावंटा साहिब का बाजार भी बंद है। डॉक्टर राधव के क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बड़ी मेहनत और लगन से राधव ने डॉक्टर बनने की पढ़ाई की और अब आसानी से सरकार द्वारा उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं, रोष दिखाते हुए व्यापारियों ने बाजार बंद रखा।
यह भी पढ़ें : PM मोदी तक पहुंचा IGMC डॉक्टर मामला- आज CM के फैसले पर टिकी निगाहें, हड़ताल की चेतावनी
जांच रिपोर्ट पर उठे सवाल
सैमडकोट के महासचिव डॉ. पियूष कपिला ने कहा कि जांच रिपोर्ट में मरीज और डॉक्टर दोनों को दोषी बताया गया, लेकिन कार्रवाई सिर्फ डॉक्टर पर की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और न ही दोनों पक्षों को आमने-सामने रखने का मौका मिला।
पुलिस जांच भी जारी
इस मामले में मरीज की शिकायत पर पुलिस भी अलग से जांच कर रही है। अस्पताल का CCTV फुटेज सामने नहीं आ पाया है, अब पुलिस वायरल वीडियो के मूल स्रोत तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें : पंजाब-हिमाचल चिट्टा लिंक बेनकाब : मास्टरमाइंड सप्लायर पकड़ा गया- फोन और संदिग्ध चीजें बरामद
बढ़ता टकराव, मरीजों पर सीधा असर
डॉक्टरों की टर्मिनेशन के बाद सरकार और चिकित्सकों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस टकराव की कीमत आखिर मरीजों को क्यों चुकानी पड़ रही है।
