#विविध
December 26, 2025
हिमाचल में बदला मौसम: सात जिलों में अलर्ट जारी, पहाड़ों पर बारिश- बर्फबारी के आसार
पश्चिमी विक्षोभ से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना
शेयर करें:

शिमला। जहां पहाड़ों पर बर्फ की चमक होनी चाहिए थी, वहां सर्दियों के मौसम में भी धूप खिली दिख रही है। हिमाचल प्रदेश की मौसम की ये तस्वीरें लोगों को विचलित कर रही है। पहाड़ों पर धूप है, तापमान में कभी कमी नजर आती है, तो कभी दिन के समय तापमान अचानक ही बढ़ जाता है। कहीं दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई है तो कहीं आने वाले दिनों में बर्फबारी और ठंड के नए दौर का अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग साफ संकेत दे रहा है कि यह स्थिरता ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है।
इन दिनों हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी कुल्लू-मनाली में दिन के समय धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत जरूर मिली। लेकिन दूसरी ओर मैदानी और निचले क्षेत्रों में हालात बिल्कुल अलग नजर आए। बिलासपुर में बहुत घना कोहरा, सुंदरनगर में घना कोहरा और मंडी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 5 साल में 9 बार दी परीक्षा, फिर भी पास नहीं हुए 10वीं 12वीं के 80 छात्र
ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के 14 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सुबह और देर रात ठंड का प्रकोप अधिक महसूस किया जा रहा है, जिससे खासकर बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। 26 से 29 दिसंबर तक निचले पहाड़ी क्षेत्रों और मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली जा रहे CM सुक्खू, खाली मंत्री पद-जिलाध्यक्षों पर होगी चर्चा, कांग्रेसी गलियारों में बढ़ी हलचल
27 दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया, हालांकि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 26, 30 और 31 दिसंबर को राज्य के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अपनी ही बेटी को तीन साल तक नोंचा - अब 5 साल के बाद मां ने सबकुछ बता दिया..
अधिकतम तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों में इसमें 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 3 से 4 दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
शिमला में 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 27 दिसंबर को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
ऊना में 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 27 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कांगड़ा में 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 27 दिसंबर को अधिकतम 22 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने घने कोहरे वाले इलाकों में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और देर रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, फॉग लाइट का प्रयोग करने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की गई है।