चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने स्कूल जाने वाली बेटियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। सलूणी क्षेत्र में दो नाबालिग छात्राओं के साथ कथित तौर पर गंदी हरकतें किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल से घर लौट रही बच्चियों को एक युवक ने रास्ते में रोककर उनके साथ जबरदस्ती की। दोनों बच्चियों ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्कूल से लौट रही बच्ची को रास्ते में दबोचा

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय विजय कुमार उर्फ विजु निवासी गांव भिड़ तहसील सलूणी के रूप में हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक 22 अगस्त को 11 वर्षीय छात्रा स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को रास्ते में पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। बच्ची ने किसी तरह आरोपी की पकड़ से खुद को छुड़ाया और घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की आपबीती सुनने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सरकारी स्कूल के हाल-बेहाल, दरारों से छलनी भवन में पढ़ रहे बच्चे, कब जागेगी सुक्खू सरकार

दूसरी बच्ची को झाड़ियों की ओर ले जाने का आरोप

मामला तब और गंभीर हो गया जब एक अन्य परिवार की ओर से भी इसी तरह की शिकायत पुलिस के पास पहुंची। शिकायत के अनुसार दूसरी 11 वर्षीय छात्रा भी स्कूल से घर लौट रही थी। आरोप है कि युवक उसे जबरन रास्ते से झाड़ियों की तरफ ले गया और वहां उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। बच्ची ने साहस दिखाया और आरोपी के चंगुल से निकलकर किसी तरह घर पहुंची। इसके बाद उसने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

 

यह भी पढ़ें : मणिमहेश यात्रा: रात्री ठहराव हुआ महंगा, प्रशासन ने तय किए रेट; मैगी 50 में- चाय के दाम भी सुन लें

दो शिकायतों के बाद हरकत में आई पुलिस

एक ही क्षेत्र में दो नाबालिग छात्राओं के साथ कथित तौर पर हुई घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। दोनों बच्चियों की माताओं की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना किहार में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिरों में बरसा करोड़ों का चढ़ावा, श्रद्धालुओं ने चढ़ाए 419 करोड़; बाबा बालक नाथ टॉप पर

आरोपी हिरासत में, सख्त कार्रवाई का भरोसा

एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों महिलाओं की शिकायत के आधार पर किहार थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी विजय कुमार को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें