#विविध

August 23, 2026

मणिमहेश यात्रा: रात्री ठहराव हुआ महंगा, प्रशासन ने तय किए रेट; मैगी 50 में- चाय के दाम भी सुन लें

प्रशासन का बड़ा फैसला: श्रद्धालुओं से तय रेट से ज्यादा वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई

शेयर करें:

manimahesh yatra

चंबा। हिमाचल प्रदेश की आस्था, श्रद्धा और रोमांच से जुड़ी प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 का आगाज होने वाला है। यात्रा शुरू होने से पहले प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और उनकी जेब को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। यात्रा मार्ग पर मिलने वाले भोजन, चाय-नाश्ता और अन्य खाद्य पदार्थों के साथ-साथ टेंट में रात्रि ठहराव के लिए भी अधिकतम दरें निर्धारित कर दी गई हैं।

 

प्रशासन का साफ संदेश है कि श्रद्धा के इस सफर को कमाई का जरिया बनाकर श्रद्धालुओं से मनमानी वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई दुकानदार, ढाबा संचालक या टेंट संचालक निर्धारित रेट से अधिक पैसे वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर

हर वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पवित्र मणिमहेश झील में आस्था की डुबकी लगाने के लिए भरमौर पहुंचते हैं। कठिन पहाड़ी रास्तों, ऊंचाई और मौसम की चुनौती के बीच श्रद्धालुओं को भोजन और ठहरने की सुविधा उपलब्ध करवाना प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है। इसी को देखते हुए प्रशासन और श्री मणिमहेश न्यास भरमौर ने यात्रा मार्ग पर खाद्य पदार्थों और ठहरने की अधिकतम दरें पहले ही निर्धारित कर दी हैं। प्रशासन ने पूरे यात्रा मार्ग को तीन प्रमुख सेक्टरों में बांटा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिरों में बरसा करोड़ों का चढ़ावा, श्रद्धालुओं ने चढ़ाए 419 करोड़; बाबा बालक नाथ टॉप पर

इस बार रात्री ठहराव होगा महंगा

यात्रा के दौरान टेंट में रात गुजारने वाले श्रद्धालुओं को इस बार पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। प्रशासन ने प्रति बिस्तर 250 से 350 रुपये तक की अधिकतम दर तय की है। भरमौर और हड़सर में 3x6 आकार के प्रति बिस्तर का किराया 250 रुपये, धनछो से सुंदरासी के बीच 300 रुपये और गौरीकुंड से मणिमहेश शिवकुंड क्षेत्र में 350 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

 

पिछले वर्षों में कई जगहों पर 100 से 150 रुपये में बिस्तर उपलब्ध हो जाता था। इस बार दरें बढ़ाई गई हैं, लेकिन प्रशासन का कहना है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सामान पहुंचाने और संचालन की लागत को देखते हुए ये दरें निर्धारित की गई हैं।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश जाने वालों के लिए बड़ी खबर! रात को यात्रा बैन, 1000 से ज्यादा जवान संभालेंगे मोर्चा

चाय से लेकर मैगी तक के रेट भी फिक्स

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को चाय, कॉफी और मैगी के लिए भी मनमानी कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी। प्रशासन ने इनके रेट भी तय कर दिए हैं।

  • चाय: 15 से 20 रुपये प्रति कप
  • कॉफी: 30, 40 और 50 रुपये प्रति कप
  • मैगी: भरमौर में 30 रुपये, धनछो-सुंदरासी में 40 रुपये और गौरीकुंड-शिवकुंड के बीच 50 रुपये प्रति प्लेट

तीनों सेक्टरों में खाने के दाम भी तय

प्रशासन ने भोजन की अलग-अलग वस्तुओं के लिए भी अधिकतम दरें निर्धारित की हैं। ऊंचाई बढ़ने के साथ कीमतों में मामूली अंतर रखा गया है।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल का सोलन बना देश का 5वां सबसे अमीर जिला- इस काम ने बनाया धनी, आप भी जानिए

दुकानों के बाहर लगानी होगी रेट लिस्ट

प्रशासन ने सभी दुकानदारों, ढाबा संचालकों, लंगर संचालकों और टेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उन्हें अपने प्रतिष्ठान के बाहर रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी।
इससे श्रद्धालुओं को सामान खरीदने या भोजन करने से पहले उसकी कीमत की जानकारी मिल सकेगी। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा के दौरान पारदर्शिता बनाए रखना और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना है।

तय रेट से ज्यादा पैसे मांगे तो यहां करें शिकायत

यदि किसी श्रद्धालु से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जाती है तो वह इसकी शिकायत कर सकता है। इसके लिए यात्रा मार्ग पर सेक्टर नियंत्रण कक्षों के अलावा पुलिस सहायता नंबर 100, यात्रा पोर्टल और ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाने की सुविधा दी गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : न लिंक खोला, न OTP बताया...फिर भी खाते से उड़ गए लाखों, FD भी तोड़ ले गए ठग

प्रशासन ने संकेत दिया है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मनमानी वसूली मिली तो कार्रवाई तय

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पारदर्शी, सुलभ और उचित दरों पर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऊंचाई और ढुलाई लागत को ध्यान में रखते हुए वस्तुओं और ठहराव की दरें तय की गई हैं, ताकि व्यापारियों को भी नुकसान न हो और यात्रियों से अतिरिक्त वसूली भी न की जाए। उन्होंने सभी दुकानदारों को निर्धारित रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख