कांगड़ा। हिमाचल को शांत और सुरक्षित प्रदेश की पहचान मिली हुई है। लेकिन पिछले कुछ समय में सामने आ रही आपराधिक घटनाएं इस छवि पर सवाल खड़े कर रही हैं। खासकर महिलाओं के साथ बदसलूकी, मारपीट, नशे में हिंसा और सड़क पर जानलेवा हरकतों के मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। जिला कांगड़ा के धर्मशाला स्थित नरवाणा बाजार से सामने आया ताजा मामला भी इसी बदलती तस्वीर की ओर इशारा करता है।
नशे में धुत चालक युवती पर चढ़ाने लगा गाड़ी
धर्मशाला थाना क्षेत्र के नरवाणा बाजार में बुधवार रात करीब 8:45 बजे 30 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, गांव का ही रहने वाला अश्वनी शराब के नशे में कार चला रहा था। आरोप है कि उसने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए युवती को कुचलने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव के 4 माह बाद बड़ा उल्टफेर, 37 वोट से हारी महिला रिकाउंटिंग में 44 मतों से जीती
गलत इशारे और गाली-गलौच करने के भी आरोप
मामला सिर्फ वाहन से टक्कर मारने की कोशिश तक नहीं रुका। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौच की, गलत इशारे किए और कथित तौर पर गलत नीयत से उसे छूने का प्रयास भी किया।
यानी एक तरफ नशे में वाहन चलाने का आरोप और दूसरी तरफ महिला के साथ कथित बदसलूकी। दोनों घटनाएं एक ही जगह और एक ही समय पर सामने आईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब की सियासत! कांग्रेस MLA के समर्थन में सड़क पर उतरी BJP, सुक्खू सरकार से की ये मांग
पिता के साथ की मारपीट
जब युवती के बुजुर्ग पिता ने अपनी बेटी के साथ हो रही कथित बदसलूकी और हमले को देखा तो वह बीच-बचाव करने पहुंचे। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और उनके साथ हाथापाई और मारपीट की।
पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया मामला
घटना के बाद युवती ने धर्मशाला पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी अश्वनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 74, 79, 115(2), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, गाड़ियां- गोल्ड बिस्किट, मकान और बैंक खाते किए सीज
कांगड़ा पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की बात कही है।
