इंदौरा, कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। डमटाल में सीआईए नूरपुर की टीम ने एक महिला को 34.5 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी महिला पहले भी नशा तस्करी के मामले में दोषी ठहराई जा चुकी है और 10 साल के कठोर कारावास की सजा काट चुकी है। अब एक बार फिर चिट्टे की खेप के साथ पकड़े जाने के बाद पुलिस उसके कथित नशा नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
10 साल की सजा काट चुकी है महिला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान 43 वर्षीय सरबजीत कौर, पुत्री अमर सिंह, निवासी कोट खालसा, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक महिला के खिलाफ पहले से नशा तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह एक पुराने मामले में दोषी ठहराई जा चुकी है और 10 साल की कठोर सजा भी काट चुकी है। इसके बावजूद अब दोबारा चिट्टे के साथ पकड़े जाने से पुलिस उसकी गतिविधियों को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: युवक ने ढाबे पर खाया चाय-परांठा, फिर महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाल छीन ले गया मंगलसूत्र
हाईवे पर गश्त के दौरान पुलिस की नजर में आई महिला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा के अनुसार, नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीआईए नूरपुर की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर डमटाल स्थित हिल टॉप मंदिर के समीप एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में घूमती दिखाई दी। पुलिस टीम ने महिला को रोककर पूछताछ की। संदेह के आधार पर नियमानुसार महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी ली तो बरामद हुआ 34.5 ग्राम चिट्टा
पुलिस की तलाशी के दौरान सरबजीत कौर के पास से 34.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। डमटाल पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21-61-85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: इंस्टाग्राम पर की दोस्ती, घर बुलाकर 14 साल की लड़की से किया मुंह काला; अब मिली सख्त सजा
दर्ज हैं नशा तस्करी के कई मामले
पुलिस के अनुसार, सरबजीत कौर के खिलाफ अलग-अलग समय में नशा तस्करी से जुड़े कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2018 में गुरदासपुर में एक, वर्ष 2019 में अमृतसर में दो तथा वर्ष 2025 में पठानकोट में तीन मामलों सहित अन्य मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन पुराने मामलों और मौजूदा गिरफ्तारी के बीच संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
मंदिर के पास लाखों की चिट्टे की खेप लेकर क्यों घूम रही थी
महिला के पास से बरामद 34.5 ग्राम चिट्टे की खेप को लेकर पुलिस कई सवालों के जवाब तलाश रही है। आखिर महिला यह नशा कहां से लेकर आई थी? इसे डमटाल या आसपास के क्षेत्र में किसे सप्लाई किया जाना था? इस पूरी सप्लाई चेन में उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं? पुलिस पूछताछ में इन सभी सवालों के जवाब तलाशने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें : किन्नर कैलाश में फंसे राजस्थान के 9 श्रद्धालु, रेस्क्यू टीम रवाना- बर्फबारी ने बढ़ाई परेशानी
नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस जांच अब केवल महिला की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। जांच अधिकारियों की कोशिश है कि चिट्टे की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जाए। यानी नशा महिला तक कहां से पहुंचा और आगे इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। अगर पूछताछ और जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो पुलिस उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती है।
