सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब शहर में 54 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान शिलाई क्षेत्र के आवत गांव निवासी भाव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया गया था और गर्दन पर चोट के निशान मिले थे।

सब्जी कारोबारी पर पार्किंग में किया वार

मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय मोहम्मद आमिर उर्फ फग्गू और 29 वर्षीय रेखा उर्फ अन्नु को गिरफ्तार किया है। दोनों स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। सिरमौर के ASP नरेंद्र शर्मा ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी स्कूल में खीर खाने से बिगड़ी 40 बच्चों की तबीयत, अस्पताल में मचा हड़कंप

विश्वकर्मा चौक पर हुआ था हंगामा

हत्या की घटना के बाद पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर रोष जताया और सड़क पर प्रदर्शन करते हुए मार्ग भी बाधित किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

हर रोज नाहन से खरीदते थे सब्जियां

पुलिस के अनुसार भाव सिंह हर सुबह नाहन जाते थे। वहां से सब्जियां खरीदने के बाद वह अपने गांव के अलावा शिलाई तहसील के कफोटा क्षेत्र के बाजारों में इन्हें बेचते थे। परिजनों के मुताबिक उनकी किसी के साथ कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में एक और म**र्डर- युवक के सिर को बुरी तरह कु...चला, चेहरा भी पहचान से बाहर

किसी से नहीं था कोई विवाद

परिवार का कहना है कि भाव सिंह सामान्य रूप से अपना काम करते थे और किसी विवाद में शामिल नहीं थे। इसी वजह से हत्या की घटना ने परिजनों और ग्रामीणों को हैरान कर दिया।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में भाव सिंह घायल अवस्था में अपना गला पकड़कर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार फुटेज में दोनों आरोपी भी नजर आए हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के बड़े अस्पताल में बुरे हाल- स्टाफ की भारी कमी, निजी सेंटरों में जेब कटवा रहे मरीज

पार्किंग में हुआ हमला

जांच में सामने आया कि विश्वकर्मा मंदिर के पास स्थित पार्किंग में भाव सिंह पर हमला किया गया था। हमले के बाद उन्होंने खुद को बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन मंदिर के गेट के पास पहुंचते-पहुंचते वह गिर गए और उनकी मौत हो गई।

पार्किंग से मंदिर के गेट तक मिले खून के निशान

पुलिस को पार्किंग से लेकर मंदिर के गेट तक खून के निशान मिले हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक ये निशान इस बात की पुष्टि करते हैं कि हमला होने के बाद भाव सिंह ने बचने के लिए भागने का प्रयास किया था। घटनास्थल की जांच के साथ-साथ पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें- 27 साल बाद हिमाचल में फिर लॉटरी शुरू- दिवाली पर होगा पहला ड्रॉ, घर बैठे आजमाएं किस्मत

हत्या की वजह को लेकर कई पहलुओं पर जांच

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक की दोनों आरोपियों से पहले से जान-पहचान थी। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों को लेकर अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।

आपत्तिजनक स्थिति में थे युवक-युवती

सूत्रों के मुताबिक, जांच में मृतक द्वारा युवक और महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद हुए विवाद के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की वास्तविक वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भूकंप के झटकों से दहशत- एक घंटे के भीतर 3 बार कांपी धरती, घर से भागे लोग

दोनों आरोपियों से थी जान-पहचान

ASP नरेंद्र शर्मा ने कहा कि मृतक की दोनों आरोपियों से जान-पहचान थी। उन्होंने मामले की जांच जारी होने की बात कहते हुए फिलहाल इससे अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

पांवटा साहिब पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। उप पुलिस अधीक्षक मनवेंद्र ठाकुर के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या से पहले और बाद के पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया जा सके।

यह भी पढ़ें- चिंतपूर्णी माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप कार से भिड़ी- युवक की मौ**त, 5 घायल

पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी

साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और घटना के पीछे वास्तविक विवाद क्या था। फिलहाल दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच आगे बढ़ रही है। वहीं, घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष बना हुआ है और वे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें